Kosi Live Saharsa/होमवर्क नहीं करने पर बच्चे को स्टिक से पीटा, मौत:सहरसा में स्कूल संचालक ने मारा; फोन कर कहा- बच्चा बेहोश है आकर देख लीजिए।
गुरुवार को अचानक स्कूल संचालक द्वारा फोन किया गया कि बच्चा बेहोश हो गया है और निजी क्लिनिक में भर्ती है।
सहरसा में एक 7 साल के बच्चे को स्कूल संचालक ने इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। आदित्य को स्टिक से पीटा गया था। जिसके बाद वो बेहोश हो गया। बेहोशी हालत में बच्चे को निजी क्लिनिक लाया गया, जहां डॉ ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आदित्य को आरोपी संचालक ने कुछ याद करने के लिए दिया था। उसने होमवर्क नहीं किया तो सागवान के स्टिक से उसे पीटा। बाद में घरवालों को फोन कर कहा कि आपका बच्चा बेहोश हो गया है। आकर देख लीजिए।
मामला जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना अंतर्गत हुसैन चक इलाके का है। जहां गुरुवार को ये घटना हुई। बच्चे की मौत से परिजन काफी आहत और आक्रोशित हैं। उन्होंने सदर थाना में शिकयत की है। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने स्कूल संचालक सुजीत कुमार पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और जांच में जुट गई है।
10 दिन पहले हॉस्टल आया था
आदित्य सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बोधि पब्लिक स्कूल, हुसैन चक के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। वह LKG में पढ़ता था। आदित्य होली पर घर आया था। उसके बाद 10 दिन पहले ही हॉस्टल लौटा था।
आदित्य मधेपुरा के म्हेशुआ टोला वरमोतर वार्ड नं 7 का रहनेवाला था। गुरुवार को स्कूल संचालक ने परिजनों को फोन कर बताया गया कि बच्चा बेहोश हो गया है। निजी क्लिनिक में भर्ती है। आकर देख लीजिए।
सूचना मिलने के बाद परिजन जब निजी क्लिनिक पर पहुंचे तो बच्चे की मौत हो चुकी थी। जबकि संचालक मौके से फरार था। जिसके बाद परिजनों ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
ASI ब्रजेश चौहान ने बताया कि पिता प्रकाश कुमार ने सदर थाना में आवेदन दिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुजीत सर हमेशा मारते-पीटते थे- शिवम
आदित्य के स्कूल में पढ़ने वाले शिवम ने बताया कि आदित्य को संचालक सुजीत कुमार ने स्टिक से मारा गया था। उसने ये भी बताया कि कोई चीज भी याद नहीं करने पर वो बच्चों को स्टिक से मारते थे। उन्होंने आदित्य को कुछ याद करने के लिए दिया था। छोटा बच्चा था कैसे उतना याद करता। होमवर्क नहीं किया तो सागवान की छड़ी से बहुत मारा।
हॉस्टल जाने के बाद अच्छे से बात नहीं कर रहा था- पिता
आदित्य के पिता प्रकाश यादव ने बताया कि मेरा बच्चा होली में घर आया था। 14 मार्च को उसके मामा ने हॉस्टल पहुंचाया था। हॉस्टल जाने के बाद आदित्य से ठीक से बातचीत भी नहीं हुई थी। गुरुवार को अचानक स्कूल के संचालक ने फोन किया गया कि बच्चा बेहोश हो गया है। मैं इसे लेकर अस्पताल जा रहा हूं। हमलोग जब निजी क्लिनिक पहुंचे तो मेरा बेटा मरा हुआ था। और सुजीत फरार था।
उसके बाद सदर थाना को सूचना दिए। तब सदर थाना से पुलिस आई और बच्चे को पोस्टमार्टम करवाने ले गई।
मामले को लेकर एएसआई ब्रजेश चौहान ने बताया कि पिता प्रकाश कुमार ने सदर थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने स्कूल के संचालक पर बच्चे के साथ मारपीट करने और उससे बच्चे की मौत होने की बात कही है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।