Kosi Live-कोशी लाइव BiharCrime: महिला के साथ दुष्‍कर्म की कोशिश कर रहा था युवक, पुकार सुनकर पहुंचे पति ने ले ली जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 14, 2020

BiharCrime: महिला के साथ दुष्‍कर्म की कोशिश कर रहा था युवक, पुकार सुनकर पहुंचे पति ने ले ली जान


पटना। नवादा जिले में कादिरगंज सहायक थाना क्षेत्र के कादिरगंज में पत्नी के साथ दुष्कर्म की कोशिश कर रहे युवक की महिला के पति ने हत्या कर दी। हसुली से ताबड़तोड़ युवक के शरीर पर वार किया गया। जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मरने से पहले युवक ने भी पति-पत्नी को घायल कर दिया। युवक की मौत के बाद दंपती ने कादिरगंज सहायक थाना पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना शुक्रवार की देर शाम की है। मृतक कैलाश चौधरी अकबरपुर थाना क्षेत्र के कलौंदा गांव निवासी रामेश्वर चौधरी का पुत्र था। कादिरगंज में उसका महावीर चौधरी के घर ससुराल है।

शौच के लिए खेत में गई थी महिला, तभी युवक ने शुरू कर दी छेड़खानी
महिला ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम तकरीबन सात बजे शौच करने घर से कुछ दूरी पर खेत की तरफ गई थी। तभी कैलाश वहां पहुंचा और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। तब वह शोर मचाने लगी। तब युवक ने गला दबाकर मारने की कोशिश की और हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी दी।

युवक के हमले में खुद भी घायल हैं प‍ति-पत्‍नी

इसी बीच हो-हल्ला की आवाज सुनकर पति हसुली लेकर पहुंच गए। पति को आते देख युवक भागने लगा। तब पति ने खदेड़ कर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान उसने पति के पास रहे हसुली को छीन लिया और उससे हमला कर दिया। जिससे पति-पत्नी जख्मी हो गए। तब आक्रोशित पति ने हसुली छीन कर उसके शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उसके शरीर पर जख्म हो गए और उसकी मौत हो गई। जिसके दोनों पति-पत्नी ने कादिरगंज थाना पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

सदर अस्‍पताल में चल रहा दोनों घायलों का इलाज

कादिरगंज ओपी प्रभारी सूरज कुमार ने घटनास्थल पहुंच कर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल पति-पत्नी की अस्पताल में इलाज करवाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल मृतक के स्वजन कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।