Kosi Live-कोशी लाइव बड़ी खबर/Bihar Election:सरकार बनी तो बेटी के जन्मदिन पर खाते में दिए जाएंगे एक लाख : पप्पू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 4, 2020

बड़ी खबर/Bihar Election:सरकार बनी तो बेटी के जन्मदिन पर खाते में दिए जाएंगे एक लाख : पप्पू


कटिहार। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि यह लड़ाई तीस साल बनाम तीन साल की है। अगर उनकी पार्टी को सत्ता में आने का मौका मिलती है तो तीन साल में बिहार का कायाकल्प कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर बेटी के जन्मदिन पर एक लाख रुपये तुरंत उसके खाते में दिए जाएंगे। श्री यादव मंगलवार को कोढ़ा और कदवा विस क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

फलका : मंगलवार को कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के फलका प्रखंड अंतर्गत महेशपुर गांव में जाप प्रत्याशी वकील दास के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता को यह मंथन करने की जरूरत है कि हमारा प्रदेश भूख, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय के सूचकांकों में सबसे निचले स्थान पर क्यों है।

अब बदलाव का समय है। उन्होंने लोगों से बदलाव के लिए वोट करने की अपील की। उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी नौकरी में 50 फीसदी आरक्षण दी जाएगी। सभा को लखनऊ के आशमां प्रवीण, जाप के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, नैयर मसूद खान, गोकूल यादब, संजय सबल, मु. तफ्सील अहमद आदि ने भी संबोधित किया।

कदवा : प्रखंड के बलिया बेलोन उच्च विद्यालय के मैदान पर जन अधिकार पार्टी के उम्मीदवार डा एम आर हक के समर्थन में पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सभा को संबोधित किया। मंगलवार को आयोजित सभा मे श्री यादव ने कहा कि अगर उसे मौका दिया गया तो वे तीन माह में राज्य की हालत को सुधार देंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बाढ, सुखाड़, महामारी, कोरोना, लॉकडाउन, हर वक्त वे लोगों के सुख, दुख में हमेशा खड़ा रहते हैं। ऐसे में वे वोट पाने का अधिकार रखते हैं। इस अवसर पर मो शाहिद हुसैन, सुनील यादव, अबदुस सलाम, मांगन पासवान, मु. हैदर, मु. शमी अख्तर आदि ने भी सभा को संबोधित किया।