पूर्णिया। चुनाव प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप में भाषाई तल्खी बढ़ती जा रही है। राजनेताओं द्वारा एक-दूसरे को ठग, दलाल, चार सौ बीस आदि कहने का मजा तो आप लेते ही रहे हैं। ताजा मामला एआइएमआइएम अध्यक्ष असदुद्दी ओवैसी को मवेशी कहने का है। पूर्णिया के अमौर से कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल जलील मस्तान ने कहा है कि ओवैसी खुद को बैरिस्टर कहते हैं, लेकिन मैं उन्हें मवेशी कहता हूं।
सीमांचल में मवेशी की तरह चर रहे ओवैसी
अपने विवादित बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पूर्व मंत्री अब्दुल जलील मस्तान एक बार फिर विवादों से घिर गए हैं। मंगलवार को किशनगंज में राहुल गांधी की सभा में उन्होंने एआइएमआइएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी को वोटकटवा कहते हुए जोरदार हमला किया।
मस्तान इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि इन दिनों ओवैसी सीमांचल में मवेशी की तरह चर रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई चारा नहीं डाल रहा है।
राहुल की मौजूदगी में दिया विवादित बयान
मस्तान जिस वक्त वे रैली को संबोधित कर रहे थे, उस वक्त मंच पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
इससे पूर्व कुछ साल पहले मंत्री रहते हुए पूर्णिया की एक सभा में अब्दुल जलील मस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी बयान देकर विवादों से घिरे थे।
