Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime ATM Loot: IDBI बैंक की एटीएम काटकर चोरों ने उड़ा ली 22 लाख नकदी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2020

Bihar Crime ATM Loot: IDBI बैंक की एटीएम काटकर चोरों ने उड़ा ली 22 लाख नकदी


गया। औरंगाबाद जिले के महाराजगंज में चोरों के गिरोह ने ऐसी घटना को अंजाम दिया है, जिसे देखकर स्थानीय पुलिस के होश उड़ गए। इतना ही नहीं, इस घटना ने पुलिस की गश्ती और कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।

घंटाभर उत्पात मचाते रहे चोर, नहीं लगी पुलिस को भनक

चोरों के गिरोह ने महाराजगंज स्थित आइडीबीआइ बैंक की एटीएम को काटकर 22 लाख नकदी गायब कर दी। घटना बुधवार रात की बताई जाती है। चोरों ने पहले एटीएम रूम का बाहरी शटर काटा। इसके बाद एटीएम के कमरे में दाखिल हुए और गैस कटर से मशीन काट दी। पूरी घटना को चोरों ने इत्मीनान के साथ अंजाम दिया। एटीएम की सुरक्षा में कोई गार्ड भी नहीं था। जानकारों का कहना है कि इस घटना को अंजाम देने में कम से कम घंटाभर समय लगा होगा। रात के वक्त शटर व मशीन को ठोकने-पीटने की आवाज दूर तक गई होगी, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। हद तो यह है कि गुरुवार की दोपहर तक पुलिस या पब्लिक को घटना की जानकारी नहीं हुई।

बैंक की टीम आई, तब पता चला कट गई एटीएम

जब एटीएम से हेड ऑफिस को लगातार को संकेत नहीं मिलने लगा तो बैंक की टीम गुरुवार की दोपहर स्थल परीक्षण के लिए पहुंची। तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद एटीएम की मेंटेनेंस की टीम आई। पता चला कि मशीन में 22 लाख रुपये थे। एसपी सुधीर पोरिका ने घटना की पुष्टि की। बताया कि अभी बैंक की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

मैकेनिजम हो गया फेल, सोच में पड़े इंजीनियर

एटीएम की मरम्मत और देखरेख का काम करने वाले इंजीनियर भी चोरों के कारनामे से दंग है। उनका कहना है कि मशीन का ऊपरी भाग धातु के चदरे से बना होता है। उसे काटा जा सकता है, लेकिन कैश वाला बक्सा फायर और वाटर प्रूफ होता है। चोरों ने जिस अंदाज में उसे काटा, उससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि एटीएम बनाने वाले किसी इंजीनियर ने गिरोह को सहयोग किया।