एयरटेल टावर के कमरे से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद: टेक्नीशियन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार; नशा सेवन के सामान भी मिले
दरभंगा। जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के डुमरी मोड़ स्थित एयरटेल टावर कैंपस में बने एक कमरे से पुलिस ने स्मैक बरामद किया है। पुलिस ने मौके से टावर के टेक्नीशियन लाला पटेल को गिरफ्तार किया है, जबकि जिस युवक पर स्मैक की खरीद-बिक्री का आरोप है, वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
पुलिस ने कमरे से शीशे की प्लेट पर चिपका हुआ 1.68 ग्राम संदिग्ध स्मैक बरामद किया। एल्युमिनियम रोल के साथ तौलने पर इसका कुल वजन 4.11 ग्राम पाया गया। इसके अलावा चाकू, ब्लेड, स्टील का चम्मच, एल्युमिनियम रोल और नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की बोतल भी बरामद हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे गश्ती के दौरान एसआई मुकेश कुमार को सूचना मिली कि श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल के आगे डुमरी मोड़ के पास एयरटेल टावर कैंपस के एक कमरे में स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के मुताबिक, डुमरी निवासी करीब 25 वर्षीय दीपू कामती टावर में काम करने वाले कुछ कर्मियों के सहयोग से कथित रूप से स्मैक का कारोबार कर रहा था। एसआई ने इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों और बिरौल थानाध्यक्ष को दी।
इसके बाद दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति और चलंत विधि विज्ञान प्रयोगशाला के कर्मियों को भी सूचना दी गई।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई तलाशी
अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल के कार्यालय से जारी आदेश के आधार पर कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार चमन को दंडाधिकारी बनाया गया। रात करीब 9 बजे दंडाधिकारी और पुलिस बल एयरटेल टावर परिसर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों से स्वतंत्र गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई स्वतंत्र साक्षी नहीं मिला। इसके बाद पुलिस बल और दंडाधिकारी ने नियमानुसार एक-दूसरे की तलाशी लेने के बाद संयुक्त रूप से परिसर की तलाशी शुरू की।
मुख्य गेट के दाहिनी ओर ईंट और एलबेस्टस से बने एक कमरे में लकड़ी की चौकी मिली। चौकी पर बिछावन था और उसके ऊपर रखी शीशे की प्लेट पर भूरे रंग का पदार्थ चिपका हुआ मिला। पुलिस ने पदार्थ को स्मैक होने के संदेह में ब्लेड से खुरचकर इकट्ठा किया।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पदार्थ का वजन 1.68 ग्राम निकला। बाद में इसे एल्युमिनियम रोल में रखकर तौला गया तो कुल वजन 4.11 ग्राम पाया गया।
कमरे से नशा सेवन का सामान भी मिला
तलाशी के दौरान कमरे से एक चाकू, ब्लेड, स्टील का चम्मच, फटा हुआ एल्युमिनियम रोल और प्लास्टिक की बोतल भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, प्लास्टिक की बोतल में नशा सेवन के लिए इस्तेमाल होने वाला फूका लगा हुआ था।
पुलिस ने प्राथमिकी में कमरे से नशीले पदार्थ जैसी तेज गंध आने का भी उल्लेख किया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर उसे ई-साक्ष्य एप पर अपलोड किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
टेक्नीशियन गिरफ्तार, गार्ड पुलिस की निगरानी में
मौके पर मौजूद एयरटेल टावर के टेक्नीशियन लाला पटेल (40) से पुलिस ने पूछताछ की। वह मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा ग्वाल दक्षिण का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में बिरौल स्थित एयरटेल टावर में टेक्नीशियन के रूप में काम करता था।
टावर की सुरक्षा गार्ड कामनी देवी (50) भी मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने शीशे की प्लेट पर मिले पदार्थ को स्मैक बताया। इसके बाद पुलिस ने लाला पटेल को गिरफ्तार कर लिया। कामनी देवी को फिलहाल पुलिस निगरानी में रखा गया है और प्राथमिकी में उसके खिलाफ भी आगे की जांच और कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।
मुख्य आरोपी दीपू कामती फरार
पुलिस के मुताबिक, जिस युवक के खिलाफ स्मैक की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी, उसकी पहचान डुमरी निवासी करीब 25 वर्षीय दीपू कामती के रूप में हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया।
प्राथमिकी में टावर में काम करने वाले कर्मियों के सहयोग से स्मैक के कारोबार किए जाने की सूचना का भी उल्लेख है। पुलिस अब फरार आरोपी के साथ इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
NDPS एक्ट में दर्ज हुआ मामला
मामले में बिरौल थाना कांड संख्या 658/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8/21(A) एवं 25/29 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
बिरौल थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर स्मैक कहां से मंगाया जाता था और टावर परिसर में नशीले पदार्थों की गतिविधि कितने समय से चल रही थी।