सुपौल। एसएसबी 45वीं वाहिनी की बाहरी सीमा चौकी नरपतपट्टी के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 219/31 से लगभग 06 किलोमीटर भारतीय प्रभाग के छिति रोड के पास दो मोटरसाइकिल पर रविवार को 1080 बोतल नेपाली देसी शराब के साथ दो तस्कर को एसएसबी ने गिरफ्तार किया।
कमाडेंट एचके गुप्ता ने बताया कि यह सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब की खेप भारतीय प्रभाग के स्पर संख्या 1950 से छिति रोड होते हुए दुधाधारी जाने वाली है। तत्काल मुख्य आरक्षी विजय कुमार के नेतृत्व में आरक्षी पिंटू, शैलेंद्र सामद तथा गोविंद बी उपाध्याय की टीम बनाकर भेजा गया। वहां दो व्यक्ति दो मोटरसाइकिल जिसमें एक (बिना नंबर) और दूसरी हीरो (बीपी-02 डीए 5919) पर कार्टन लिए आया।
संदेह के आधार पर दोनों तस्करों को रुकने के लिए कहा गया। गश्ती पार्टी को सामने देख दोनों तस्कर गाड़ी छोड़कर भागने लगे परंतु पार्टी ने दोनों को पकड़ लिया। मोटरसाइकिल पर रखे कार्टनों की तलाशी ली गई जिसमें दिलवाले सोफी ब्रांड के 1080 बोतल (324 लीटर) नेपाली शराब थी। मोटरसाइकिल साइकिल और शराब जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। शराब व दोनों मोटरसाइकिल को उत्पाद विभाग सुपौल के सुपुर्द कर दिया गया। तस्कर की पहचान सत्यनारायण शर्मा, गांव रूपाली पुनर्वास, कुनौली और महेंद्र मुखिया ग्राम मोतीपुर निवासी के रूप में की गई।
दस लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
कटिहार। विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने को लेकर आजमनगर पुलिस व बीएसएफ जवानों का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत एक तस्कर को पुलिस ने दस लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने महेशपुर पंचायत स्थित श्रीकॉल आदिवासी टोला के निकट सड़क पर वाहन जांच आरंभ किया। यह देख बंगाल की ओर से आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति तल्लू मुर्मू थाना क्षेत्र के ही श्रीकॉल का रहने वाला है। उसके पास से झोला में मौजूद गैलन से दस लीटर शराब बरामद किया गया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
