Kosi Live-कोशी लाइव बड़ी खबर/CoronaVirus : पूर्णिया रेंज आइजी विनोद कुमार की मौत, कोरोना वायरस से थे संक्रमित, पटना में हो रहा था इलाज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 18, 2020

बड़ी खबर/CoronaVirus : पूर्णिया रेंज आइजी विनोद कुमार की मौत, कोरोना वायरस से थे संक्रमित, पटना में हो रहा था इलाज


पूर्णिया, CoronaVirus : रविवार की सुबह-सुबह बिहार के लिए बुरी खबर सामने आयी। पूर्णिया रेंज आइजी विनोद कुमार की मौत की सूचना से सबको दहला दिया। उनकी मौत कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाने के कारण हो गई। लोगों को एक बार फ‍िर कोरोना का डर सताने लगा है।

यहां बता दें कि पूर्णिया रेंज आइजी विनोद कुमार का कोरोना इलाज के दौरान पटना एम्स में शनिवार की रात निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वे पूर्णिया से शुक्रवार की शाम पटना गए थे। एम्स में उन्‍हें भर्ती कराया गया था। वो पहले से भी अन्य बीमारी से ग्रसित थे। वे पूर्णिया सहित अन्‍य जगहों से लगातार इलाज करा रहे थे। एम्स पटना के कोरोना नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि विनोद कुमार हाइपरटेंशन और मधुमेह से पीडि़त थे। कोरोना संक्रमण के बाद उन्हें गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर देखरेख के लिए डॉक्टरों की टीम लगाई गई थी। हालांकि, लगातार शरीर में ऑक्सीजन स्तर कम होने से उनकी मौत हो गई।

प्रदेश के पुलिस विभाग में बड़े अधिकारी की कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी विनोद कुमार को 2001 में आइपीएस का बैज मिला था। 20 अगस्त 2019 को वे पूर्णिया जोन के पहले आइजी बने थे।

वे मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले थे। उन्‍होंने पूर्णिया रेंज आइजी के पद पर 20 अगस्त 2019 को योगदान दिया था। अक्टूबर 2021 में वे सेवानिवृत्‍त करने वाले थे। उन्‍होने शुरू में बीपीएस सेवा में योगदान दिया था। वर्ष 2011 में उनका आईपीएस में प्रमोशन हुआ था। वे अपने कार्यकाल में सुपौल एसपी, दरभंगा डीआइजी, भागलपुर आइजी के पदों पर रहे। उन्‍होंने मुख्यमंत्री सुरक्षा की कमान भी संभाली थी।

अब तक दस अधिकारियों की हो चुकी है मौत : शुक्रवार को पंचायती राज मंत्री कपिल देव कामत की भी एम्स पटना में मौत हो गई थी। इसके अलावा दस से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इसमें एडीशनल चीफ सेक्रेटरी मनोज श्रीवास्तव, गृह विभाग के अंडर सेक्रेटरी उमेश रजक, स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर इन चीफ उमेश्वर प्रसाद वर्मा, समस्तीपुर के सिविल सर्जन, समस्तीपुर में तैनात शिक्षा विभाग के डीओ, एक डीएसपी और सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी की एम्स पटना में मौत हो चुकी है। विभिन्न बैंकों के करीब 8 कर्मी व अधिकारियों की भी मौत हुई है।