सहरसा: एक चार पहिया वाहन पर राजद का झंडा लगे रहने पर सीओ द्वारा सदर थाना में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। सीओ ने थाना में दिए आवेदन में कहा है कि कहरा कुटी के समीप एक चार पहिया वाहन में राजद का झंडा लगा हुआ था। जिसमें एक तरफ लालू प्रसाद व दूसरी तरफ तेजस्वी यादव का फोटो था। उन्होंने कहा है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद बिना अनुमति प्राप्त किसी भी वाहन में राजनीतिक दलों का झंडा लगाना आचार संहिता का उल्लंघन है। मामले में कहरा के वार्ड नंबर आठ निवासी मंजय राम को नामजद किया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष मो. मजबुद्दीन ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
-----
गायत्री बनीं लोजपा की महासचिव
--
सहरसा: लोजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने सलखुआ प्रखंड के चकला मुसहरी निवासी गायत्री देवी को पार्टी का जिला महासचिव मनोनीत किया है। उन्होंने पार्टी के गतिविधि को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है। वहीं मनोनयन पर कई लोगों ने हर्ष जताया है।
----
झूठे मुकदमा में फंसाने की शिकायत
----
सहरसा: बसनही थाना के बड़ीबन गांव निवासी कालीकांत झा ने एसपी को आवेदन देकर उनके पुत्र रौशन कुमार झा को एक महिला के अपहरण में झूठा फंसाए जाने की शिकायत की है। दिए आवेदन में कहा है कि महिला द्वारा न्यायालय में अपने पति व अन्य पर परिवाद दायर की हुई है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई का अनुरोध किया है।