Kosi Live-कोशी लाइव बड़ी खबर/BIHAR NEWS:लालू यादव से मिल लौट रहे हत्या के वारंटी राजद नेता अनिल राय गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 30, 2020

बड़ी खबर/BIHAR NEWS:लालू यादव से मिल लौट रहे हत्या के वारंटी राजद नेता अनिल राय गिरफ्तार

झुमरीतिलैया: राजधानी रांची स्थित रिम्स में इलाजरत राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलकर लौट रहे हत्या के वारंटी राजद नेता अनिल राय सोमवार की रात गिरफ्तार किए गए। महराजगंज निवासी अनिल राय को बिहार के सिवान थाना पुलिस ने झुमरीतिलैया के सागर होटल से गिरफ्तार किया है। अनिल राय व अन्य की गिरफ्तारी तिलैया थाना पुलिस के सहयोग से की गई।

जानकारी के मुताबिक उक्त राजद नेता सिवान में हत्या के एक मामले में अभियुक्त हैं। सिवान से आई पुलिस ने राजद नेता के साथ राजकुमार ठाकुर (पिता स्व. रवींद्र ठाकुर), चंदन कुमार ठाकुर (पिता उमेश ठाकुर) और दीपक कुमार शाह (पिता हरिशंकर शाह) को भी गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।

साथ ही उनकी स्कार्पियो गाड़ी (बीआर 29 पीए 2593) को जब्त कर तिलैया थाना में रखा गया है। बताया जाता है कि राजद नेता लालू यादव से मिलकर लौटने के क्रम में ज्यादा रात होने की वजह से वे अपने तीन साथियों के साथ कोडरमा स्टेशन के निकट सागर होटल में ठहरे हुए थे। तभी तिलैया पुलिस की मदद से सिवान पुलिस ने होटल से चारों को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई है। सनद हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती जिला कोडरमा की पुलिस इन दिनों सतर्क है। चुनाव को लेकर बिहार की ओर से लोगों की आवाजाही बढ़ी हुई है। सोमवार को कोडरमा पुलिस व बिहार के नवादा जिला पुलिस की संयुक्त बैठक हुई थी, जिसमें अपराध, शराब तस्करी व अन्य मुद्दों पर संयुक्त प्रयास से कार्रवाई पर सहमति बनी थी।