सुपौल। थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत स्थित राधानगर गांव में गुरुवार को दो दिनों से गायब वृद्ध महिला का शव एक पोखर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे वीरपुर एसडीपीओ रामानंद कौशल और राघोपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि शव की पहचान स्व. जगन्नाथ चौधरी की पत्नी जानकी देवी के रूप में की गई है।
बुधवार को मृतका की बहु अनिता देवी की सड़क दुर्घटना में संदेहास्पद मौत को लेकर स्वजनों ने राधानगर पथ को दुर्गा मंदिर के समीप जामकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस घटना की गुत्थी अभी पुलिस सुलझा भी नही पाई थी कि गुरुवार की अलसुबह अनिता देवी की सास जानकी देवी (60) का शव पोखर में मिला। इस घटना से स्वजन में जहां मातम छाया हुआ है। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने तालाब से शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पोती प्रियंका ने अपने बयान में कहा कि जिस दिन मेरी मां की मौत हुई उसी दिन से मेरी दादी भी घर से गायब थी। अपनी मां की मौत एवं दादी के घर से गायब होने की सूचना से पुलिस को अवगत कराया गया था। उसने कहा कि एक सोची समझी साजिश के तहत मेरे परिवार के एक के बाद एक सदस्यों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। अब मेरे परिवार में हम दो बहन एवं एक नाबालिग भाई है न जाने हम तीनों को कब मौत मिल जाएगी। कोट..
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता किया जा सकता हैं।
रामानंद कौशल, एसडीपीओ, वीरपुर