रोहित शर्मा की शानदार पारी की वजह से एक तरफ जहां उन्हें ट्विटर पर शाबाशी मिल रही थी। वहीं अचानक से हार्दिक पांड्या ट्रोल हो गए और इसकी वजह थी उनका हिट विकेट आउट होना। मैच के 18.3 ओवर में मुंबई इंडियंस को पांचवां झटका लगा, जब आंद्रे रसेल की गेंद पर हार्दिक पांड्या हिट विकेट हुए।
हार्दिक 13 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के के साथ 18 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रसेल की यॉर्कर गेंद को खेलने के लिए पांड्या पिच के काफी अंदर खड़े हुए थे। रसेल की तीसरी गेंद पर उनका बल्ला पहले स्टंप पर जा लगा। हालांकि, इस दौरान गेंद और बल्ले का आपस में कोई संपर्क नहीं हुआ।
बेल्स नीचे गिर गई और हार्दिक हिट विकेट आउट होकर पवेलियन लौट गए। वे जैसे ही आउट हुए, लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
बता दें कि आईपीएल में हिट विकेट आउट होने वाले हार्दिक पांड्या 11वें बल्लेबाज हैं। वहीं, आंद्रे रसेल को पहली बार हिट विकेट के रूप में विकेट मिला। कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से शिवम मावी ने 32 रन पर दो विकेट लिए, जबकि सुनील नरेन ने 22 रन पर एक विकेट और आंद्रे रसेल ने 17 रन पर एक विकेट लिया। वहीं, आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा कीमत (15.50 करोड़ रुपये) पाने वाले विदेशी खिलाड़ी पैट कमिंस सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 49 रन दिए और कोई विकेट हासिल नहीं किया।