हेडलाइन:
मधेपुरा में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, 26 नामजद समेत 200 अज्ञात पर FIR
गम्हरिया (मधेपुरा)। थाना क्षेत्र के भेलवा पंचायत के वार्ड नंबर-6 घोड़मोहा गांव में सरकारी सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर और रॉड से लैस लोगों ने पुलिस बल पर जमकर प्रहार किया, जिसमें थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण वाद संख्या-03/2022-23 के तहत अनुमंडल दंडाधिकारी और जिलाधिकारी मधेपुरा के आदेश पर 30 अप्रैल को गम्हरिया थाना पुलिस, मजिस्ट्रेट और सशस्त्र बल की टीम जेसीबी के साथ गांव बभनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम महेंद्र यादव और बिजो यादव के घर के पास सरकारी जमीन खाली कराने की कार्रवाई कर रही थी।
पहले से रची गई साजिश, अचानक हमला
अंचलाधिकारी शाएक आलम द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन में कहा गया है कि जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, महेंद्र यादव और बिजो यादव समेत 26 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल
हमले के दौरान थानाध्यक्ष को रॉड और ईंट-पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उनके दोनों हाथ, माथा, पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा कई पुलिस जवान भी जख्मी हुए हैं।
सरकारी संपत्ति को भी पहुंचाया नुकसान
आरोपियों ने जेसीबी मशीन को भी ईंट-पत्थर और लाठी से क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही पुलिस के सुरक्षा उपकरण और मोबाइल फोन को तोड़ दिया गया।
26 नामजद सहित 200 अज्ञात पर केस दर्ज
घटना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी शाएक आलम ने गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए 26 लोगों को नामजद और करीब 200 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।