Kosi Live-कोशी लाइव BREAKING SUPAUL:सुपौल में मामूली विवाद में युवक ने पड़ोसी महिला को कुदाल से काटकर मार डाला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS


Tuesday, September 22, 2020

BREAKING SUPAUL:सुपौल में मामूली विवाद में युवक ने पड़ोसी महिला को कुदाल से काटकर मार डाला

बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में मंगलवार को युवक ने मामूली विवाद में अपने पड़ोस की 40 वर्षीय महिला की कुदाल से लगातार प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है, वहीं ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। 

घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला कौशल्या देवी सुबह आठ बजे घर से सटे सड़क किनारे मनोज मंडल के घर के निकट ब्रश से मुंह साफ कर रही थी। वहां पूर्व से ही आरोपी विनोद मंडल और उसके बड़े भाई मनोज मंडल के बीच बालू उठाने के नाम पर विवाद हो रहा था। विनोद मंडल के हाथ में कुदाल था। मनोज मंडल की पत्नी मंजू देवी की बात पर कौशल्या देवी ने विनोद मंडल के हाथ से कुदाल छीनने का प्रयास किया। बस इसी से विनोद मंडल आक्रोशित होकर महिला के सिर पर कुदाल चला दिया। महिला का सिर बीच से फट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद युवक ने कुदाल से महिला पर लगातार प्रहार करना शुरू कर दिया। महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। 

हल्ला सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगा। गांव की कुछ युवकों ने भाग रहे दरिंदे को स्कूल चौक के पास दबोच लिया। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले तो विनोद मंडल की जमकर पिटाई की और बाद में उसे स्कूल के कमरे में बंद कर दिया जहां पुलिस आने के बाद ग्रामीणों ने हत्यारे को पुलिस को सौंप दिया। हत्या के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।