पूर्णिया। चोपड़ा पंचायत के चोपड़ा पूरब टोला वार्ड संख्या तीन में घर बनाने के क्रम में खिड़की का छज्जा डालने को लेकर दो पक्षों में आपसी विवाद में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक युवक सद्दाम की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक ओबेदुर्रहमान गंभीर रूप से घायल है। उसकी बहन भी इस मारपीट में घायल हुई है।
मृतक के पिता हसीबुल ने बताया कि खिड़की का छज्जा डालने के लिए सेटरिग लगाया जा रहा था। इसी क्रम में विरोधियों की ओर से जबरन उनके स्वजनों को घर से खींच लिया गया और मारपीट किया जाने लगा। विरोधी सद्दाम को अपने आंगन ले गए और पीट-पीटकर बेहोश कर छोड़ दिया। उसे बायसी पीएससी इलाज के लिए ले जाया गया हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया गया और पूर्णिया पहुंचने के पहले ही सद्दाम की मौत हो गई।
मृतक के पिता के फर्द बयान पर 27 लोगों को नामजद एवं छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना अध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया घायल चांदनी बेगम के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर मामले की अनुसंधान जारी है।