सहरसा। बैजनाथपुर-सोनवर्षाराज मुख्य मार्ग पर जीरोमाइल चौक के समीप समीप शनिवार की देर शाम ऑटो पलटने से जख्मी युवक की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं मौत की खबर सुनते ही स्वजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मदरसा टोला सौरबाजार निवासी कालेश्वर भगत का पुत्र राजेश भगत ग्रामीण क्षेत्र में फेरी कर अनाज की खरीद-बिक्री करते थे। शनिवार को कांप पश्चिमी पंचायत स्थित विजयपुर से अनाज खरीदकर ऑटो से गढि़या मोड़ सौरबाजार पहुंचे और अनाज गोदाम में देकर अपने घर ऑटो से ही लौट रहे थे। चौक के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक छलांग लगाकर निकल गया जबकि युवक उसी में फंसा रह गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसे इलाज के लिए सीएचसी सौरबाजार लाया गया। जहां से सहरसा रेफर कर दिया गया। इसके बाद स्वजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। राजेश भगत को दो पुत्री है जिसमें बड़ी नंदनी कुमारी और छोटी तुलसी कुमारी है। उनकी पत्नी ममता देवी की रो-रोकर बुरा हाल है।