Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा/बचाइए, मेरी भी हत्या कर देगा अंशु - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 20, 2020

मधेपुरा/बचाइए, मेरी भी हत्या कर देगा अंशु

मधेपुरा। गम्हरिया थाना क्षेत्र के सिगियोन में दोहरे हत्याकांड के बाद लोग डरे हुए हैं। खासकर मृतक तपेश्वरी व रवींद्र यादव के परिजन डर के साए में जी रहे हैं। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई। फिर भी लोगों के मन में डर बना हुआ है। गांव में तनाव का माहौल है। शनिवार को गांव में सन्नाटा पसरा था। लोगों के आंखों में खौफ के साथ आक्रोश भी दिख था। यह आक्रोश पुलिस के खिलाफ था। पुलिस अगर सक्रिय रहती तो हत्या नहीं होती।

मृतक रवींद्र यादव की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि उनके निर्दोष पति की हत्या बदमाशों ने कर दी। पूरे परिवार का भरण-पोषण पति ही करते थे। वह सड़क निर्माण कंपनी आइएलएफएस प्लांट में गार्ड की नौकरी करते थे। पति की हत्या के बाद पुलिस अब तक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसे में डर है कि हत्यारा कहीं उनकी भी हत्या न कर दे। उन्होंने सरकार से मुआवजा की मांग की है। उनके साथ परिवार के भरण-पोषण की समस्या आ गई है। अगर मुआवजा नहीं मिला तो जीना मुश्किल हो जाएगा।