Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा/अपराधी अंशु यादव के निशाने पर थे जदयू प्रखंड अध्यक्ष, नहीं मिलने पर भाई को मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 16, 2020

मधेपुरा/अपराधी अंशु यादव के निशाने पर थे जदयू प्रखंड अध्यक्ष, नहीं मिलने पर भाई को मारी गोली



मधेपुरा। सोमवार की रात गम्हरिया थाना क्षेत्र के सिगियान में खेला गया खूनी खेल में बदमाशों के निशाने पर सिंहेश्वर के जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल थे। नहीं मिलने के कारण ही उनके बड़े भाई कृषि कर्मी को निशाना बनाया गया। दो अन्य लोगों की हुई हत्या में पहले से चल रहे विवाद की बात सामने आ रही है। हत्या का आरोप सिगियोन के अंशु यादव पर लगाया गया है। अंशु के गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं, तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

मालूम हो कि सोमवार की रात सबसे पहले ड्यूटी पर जा रहे रवींद्र यादव को निशाना बनाया गया। उन्हें रूपौली के समीप गोली मारी गई। उसके बाद काली चौक के समीप जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल के बड़े भाई अनिल मंडल को गोली मारी गई। अंत में तपेश्वर मंडल को निशाना बनाया गया। इसमें तपेश्वर मंडल की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अस्पताल लाने के दौरान रवींद्र मंडल ने दम तोड़ दिया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष के भाई का इलाज दरभंगा में चल रहा है। जमीन विवाद में तपेशवर को मारी गोली तपेश्वर यादव व अंशु यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को लेकर ही दरवाजे पर ही उसे गोली मार दी। तपेश्वरी की पत्नी रोगनी देवी ने बताया कि पड़ोसी अंशु यादव ने उसके पति की हत्या की है। कुछ दिन पूर्व दस सितंबर को जमीन विवाद को लेकर अंशु ने उनके पति के साथ मारपीट की। उन्हें कोई पुत्र नहीं है केवल पुत्री है। इस कारण वेलोग हमारी जमीन हड़पना चाहते हैं।





पंचायत के दौरा हुए विवाद ने ली रवींद्र की जान सिगियोन निवासी रवींद्र यादव पिपरा रोड स्थित आइएलएफएस कंपनी के प्लांट पर गार्ड की नौकरी करता था। सोमवार की रात वह अपने घर से प्लांट जा रहा था। इसी दौरान उनको गोली मार दी गई। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक नाबालिग के मांग में सिंदूर भरने को लेकर गांव में विवाद हुआ था। इसमें पंचायत भी हुई थी। पंचायत के दौरान रवींद्र व अंशु के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। काली चौक के नामकरण विवाद में प्रखंड अध्यक्ष थे निशाने पर

सिगियोन व दुलार के बीच काली चौक है। दोनों गांवों के लोग काली चौक को अपने गांव के नाम पर नामकरण करना चाहते थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद थाने में शिकायत भी की गई थी। सिंहेश्वर जदयू प्रखंड अध्यक्ष दुलार गांव के ही निवासी हैं। इस कारण वह अंशु के निशाने पर थे, लेकिन संयोग था कि रूपौली काली चौक पर प्रखंड अध्यक्ष हरिद्र मंडल के बड़े भाई कृषि विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत अनिल मंडल मिल गए। उसे ही गोली मार दी। तीन लोगों से की जा रही है पूछताछ घटना को लेकर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस राजकिशोर यादव, अनिल कुमार व हरिराम यादव से पूछताछ कर रही है। वहीं, अंशु की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। हत्यारा किसी भी सूरत में बच नहीं पाएगा।

कोट हत्या के मामले में अंशु यादव की संलिप्तता सामने आ रही है। उसके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही वह पुलिस के गिरफ्त में होगा। -अजय नारायण यादव, डीएसपी, मधेपुरा