मधेपुरा। दहेज में बाइक और मोटी रकम नहीं मिलने पर लड़के वालों ने शादी से इन्कार कर दिया। मामला चौसा थाना अंतर्गत अरजपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर एक का है।
जानकारी के अनुसार, मु.मंसूर अली की चौथी बेटी की शादी सोमवार को होनी थी। बताया जाता है कि मु. मंसूरी अपनी पुत्री का रिश्ता 18 अगस्त को भागलपुर जिले के नारायणपुर निवासी मु. सियकत उर्फ भीखन के पुत्र मु. सैफुल आलम से तय किया था और दैन मेहर की बात पक्की कर 14 सितंबर को बारात लेकर आना तय हुआ था, लेकिन अचानक लड़के के पिता का फोन आया कि अपने बेटे की शादी नही करेंगे। इससे परिवार में खलबली मच गई। इसके बाद लड़की के पिता समाज के कुछ लोगों को लेकर लड़के के घर पहुंचे, काफी आरजू मिन्नत की। लेकिन लड़के वालों का साफ कहना था कि दो लाख रुपया और एक बुलेट मोटरसाइकिल चाहिए। तभी बारात जाएगी। बहरहाल इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने चौसा थाने में आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। थाना अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि मामले दर्ज करवाई की जा रही है।