पूर्णिया [शैलेश]। सूबे में अपराध के केंद्र के रूप में विख्यात कोसी-सीमांचल क्षेत्र में आज भी अपराध की पुरानी परंपरा भयावह स्थिति बनाए हुए है। क्षेत्र के लोग आज भी डकैती की घटना से उबर नहीं पाए है। ऐसी संगीन अपराध में क्षेत्र के व्यवसायी और पूंजीपति लोगों को निशाना बनाया जाता है। जीवनभर की गाढ़ी कमाई संजोकर रखते हैं और डकैत पल भर में मारपीट कर सब लूट ले जाते हैं। एक ओर जहां राज्य के विभिन्न जिलों में आपराधिक वारदात के शीर्ष श्रेणी में शामिल डकैती की घटना के ग्राफ में कमी आई है वहीं सीमांचल का डकैतों के आतंक का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
ऐसी ही घटना रविवार की रात पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग स्थित ङ्क्षसघिया बस्ती में मक्का व्यवसायी के घर घटी। दर्जन भर से अधिक हथियारबंद नकाबपोश अपराधी घर पर धाबा बोलकर गृहस्वामी सहित परिवार वालों की बेरहमी से पिटाई कर नकदी सहित जेवरात दस लाख मूल्य की संपत्ति लूटकर भाग निकले। पुलिस अनुसंधान में डकैत पकड़े जाते हैं कुछ सामान भी बरामद होता है पर डकैतों के उत्पात और बेरहमी से की गई मारपीट पीडि़त परिवार के सदस्यों को सालों तक सालते रहता है। लगातार घट रही डकैती की घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। आंकड़े पर गौर करे तो वर्ष 2019 से 2020 में अब तक में सीमांचल के पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिले में डकैती की 44 घटनाएं घटी। वहीं कोसी प्रमंडल के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा में 20 घरों में डकैती हुई।
सक्रिय है डकैतों का पुराना गिरोह
कोसी-सीमांचल इलाके में डकैती मुख्य अपराध है। बदमाश संगठित होकर हथियार और बम बारूद लेकर घर पर धाबा बोलकर लूटपाट कर आतंक मचाते हैं। उस पुराने गिरोह के पुराने सदस्य आज भी सक्रिय है और नए उम्र के बेरोजगार युवाओं को गिरोह में जोड़कर घटना को अंजाम दे रहे हैं। बताया जाता है कि ऐसे डकैत गिरोह के सदस्य दो जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में डेरा डालकर बसते हैं और किसी भी घटना को अंजाम देकर पुलिस के सक्रिय होते ही दूसरे जिला में प्रवेश कर सुरक्षित ठिकाना पर पहुंच जाता है। इस क्षेत्र में बंगाल और पूर्णिया का सीमावर्ती इलाका, अररिया से पूर्णिया और बंगाल से जुड़ा सीमावर्ती क्षेत्र, मधेपुरा और सुपौल के सीमावर्ती क्षेत्र के अलावा दियारा क्षेत्र में रहकर घूम-घूमकर डकैती करता है।
2020 में सीमांचल में डकैती की घटना
जिला घटना
पूर्णिया 06
कटिहार 04
अररिया 05
किशनगंज 01
2020 में कोसी में डकैती की घटना
जिला घटना
सहरसा 01
मधेपुरा 05
सुपौल 03
डकैती की घटना पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर समीक्षा बैठक की जाती है। अनुसंधानकर्ता को फरार डकैतों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया जाता है। ऐसे सक्रिय गिरोह पर विशेष रूप से काम किया जाएगा। -विनोद कुमार, रेंज आइजी,पूर्णिया।