सुपौल। शनिवार की रात्रि में एसएसबी 45 वीं बटालियन की सीमा चौकी सतना एवं बिहार पुलिस वीरपुर की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर नेपाल से लाये जा रहे 1200 बोतल दिलवाले सोफी शराब के साथ एक गाड़ी को जब्त किया। जबकि चालक और तस्कर मौका पाते ही फरार हो गए।
कमांडेंट 45 वीं बटालियन एचके गुप्ता ने बताया कि सीमा स्तंभ संख्या 201/4 के समीप इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक सब इंस्पेक्टर राचो गोडी, हवलदार हिम्मत कुमार, धर्मेंद्र कुशवाहा, सुधीर कुमार कांस्टेबल राजू राम तथा चालक पप्पू कुमार के द्वारा नाका लगाया गया था। उनके साथ थाना वीरपुर के एसएचओ विनोद कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर अवदेश कुमार यादव और अन्य दो सिपाही मौजूद थे। कुछ समय बीतने के बाद देखा गया कि एक गाड़ी नेपाल प्रभाग से भारतीय प्रभाग में आ रही है। परंतु वह गाड़ी भारतीय प्रभाग में आते आते अचानक से रुकी और चालक और कारोबारी गाड़ी से उतर कर नेपाल की ओर भागने लगा। देखते हुए दोनों टीम उसे पकड़ने के लिए जब तक प्रयास करती कारोबारी नेपाल प्रभाग में प्रवेश कर चुका था, जिससे साफ पता चला कि उसके द्वारा एसएसबी या पुलिस की मौजूदगी की खबर हो चुकी है। दोनों टीम ने गाड़ी में रखे 1200 बोतल नेपाली शराब और फोर्ड कार संख्या बीआर 01 बीएच 2277 को जब्त कर वीरपुर थाना में सुपुर्द कर दिया।