सहरसा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा की दी गई। सहरसा जिले के सभी चारों विधानसभा क्षेत्र का चुनाव तीसरे चरण में सात नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए जिले में आचार संहिता लागू कर दी गई है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने समाहरणालय सभाकक्ष में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आयोग द्वारा अधिसूचना की तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अधिसूचना की तिथि से ही नामांकन का पर्चा 20 अक्टूबर तक भरा जा सकेगा। 21 अक्टूबर को नामांकन पत्र की संवीक्षा की जाएगी, 23 तक नाम वापस लिया जा सकेगा और सात नवंबर को मतदान होगा। दस नवंबर को मतगणना होगी। जिला दंडाधिकारी के आदेशानुसार संपूर्ण जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। स्वच्छ एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। डीएम ने बताया कि भूमि सुधार उप समाहर्ता 74 सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र, सदर एसडीओ 75 सहरसा विधानसभा, सिमरीबख्तियारपुर एसडीओ 76 सिमरीबख्तियारपुर विधानसभा, तथा अपर समाहर्ता विनय कुमार मंडल 77 सिमरीख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
---------
1865 मतदान केन्द्रों पर 13 लाख 13 हजार 777 मतदाता करेंगे मतदान
-------
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में छह लाख 79 हजार 856 पुरूष और छह लाख 33 हजार 903 महिला मतदाता तथा 18 तृतीय लिग के मतदाता मिलाकर कुल 13 लाख 13 हजार 777 मतदाता है। कहा कि जिले में 1740 सेवा मतदाता, 80 वर्ष से उपर उम्र के 15337 तथा 6180 पीडब्लूडी मतदाता है। उन्होंने कहा कि इन मतदाताओं के अलावा कोविड- 19 पॉजिटिव मरीजों को डाकमत पत्र के जरिए मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
--------
छह बजे संध्या तक होगा मतदान
-----
डीएम ने कहा कि हालांकि आयोग ने मतदान के समय सुबह सात बजे से संध्या पांच बजे को बढ़ाकर अब छह बजे कर दिया है। बावजूद इसके जिले के भौगोलिक और अन्य स्थिति का आकलन कर तटबंध के अंदर के 211 मतदान केंद्रों के समय परिवर्तन पर विचार के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तटबंध के अंदर अधिकांश मतदान केंद्रों के लिए नाव ही सहारा है, परंतु नवंबर तक यह स्थिति नहीं रहेगी। ऐसे में 70- 80 मतदान केंद्रों पर नाव से ईवीएम, मतदान कर्मी सुरक्षाबलों को भेजने की आवश्यकता पड़ सकती है।
----------------------
सभी मतदान केंद्रों पर तैनात होगा सशस्त्र बल
------
एसपी राकेश कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों की बढ़ोतरी के कारण सुरक्षा बलों की बढ़ोतरी की जाएगी, परंतु हर मतदान केन्द्रों पर सशस्त्र सुरक्षाबल को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव के मद्देनजर 20 जुलाई से अभियान तेज कर दिया गया है। इस क्रम में 35 अवैध हथियार 112 कारतूस बरामद किए गए। 50 लोगों के विरूद्ध् सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है। वारंट व कुर्की का तेजी से तामिला किया जा रहा है। इस दरम्यान 259 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
------
सीमावर्ती 21 जगहों पर बनेगा चेक पोस्ट
-----
एसपी ने बतायाक कि वाहनों की चेकिग के लिए पूर्व से ही टीम गठित है। वाहन चेकिग के दौरान अबतक तीन लाख 40 हजार रूपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया और दरभंगा जिले की सीमा सहित 21 चेक पोस्ट बनाए जा रहे हैं। इन चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सौहेल अहमद, डीपीआरओ दिलीप कुमार देव मौजूद रहे।