Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा:सफर से खतरे में लोगों की जान, ऑटो पर ठूंस-ठूंस कर बैठाए जा रहे यात्री - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 5, 2020

मधेपुरा:सफर से खतरे में लोगों की जान, ऑटो पर ठूंस-ठूंस कर बैठाए जा रहे यात्री

BY:दैनिक जागरण

मधेपुरा। न नियम का पालन न सावधानी। ऐसे में कोरोना बढ़ता है तो जिम्मेवारी किसकी होगी। एक तो ऑटो चालकों की गलती उसपर यात्री भी बेपरवाह। एक ऑटो पर 10 से 12 यात्री का बैठाना बड़े संकट की ओर ले जा रहा है। दरअसर शनिवार को उदाकिशुनगंज में अनलॉक के दौरान ऑटो परिचालन को छूट की पड़ताल की गई। इस दौरान लापरवाही ही लापरवाही सामने आई। छूट के कारण कई वाहन चालक तय संख्या से ज्यादा यात्रियों को बैठा रहे हैं। इस कारण संक्रमण बढ़ने का खतरा भी बढ़ रहा है। उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र में बेधड़क ऑटो चालक यात्री को बैठाने में मनमानी कर रहे हैं। छोटे से तीन पहिया वाहन में यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया जाता है। अधिकांश यात्रियों के पास मास्क भी नहीं रहते। वहीं वाहन चालक मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं रखते हैं। अनुमंडल मुख्यालय के पटेल चौक से उदा, ग्वालपाडा, आलमनगर, करामा, मधेली, बाड़ाटेनी, बिहारीगंज और चौसा चौक के पास से योगीराज, पुरैनी, चौसा तथा थाना चौक के पास से बिहारीगंज जाने के लिए सड़क किनारे ऑटो की लंबी कतार लगी रहती है। जहां यात्रियों को बैठाने का काम किया जाता है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए गाड़ी खड़ा करने वाले स्थान और गाड़ी में कोई उपाय नहीं रहता है। वहीं लोगों को सचेत नहीं किया जाता है। ऑटो चालक के मनमानी रवैये से संक्रमण का खतरा बना रहता है। लॉकडाउन में ऑटो चालकों के लिए मिलीं छूट कहीं परेशानी का सबब नहीं बन जाए। वहीं इस मामले पर प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।

समय 12:06 बजे अनुमंडल मुख्यालय के पटेल चौक पर उदा, ग्वालपाड़ा की ओर जाने वाली ऑटो रुकने के स्थान का जायजा लेने पर पाया गया कि चालक मनमानी तरीके से यात्री को बैठा रहे हैं। यहां पर ऑटो में नियम से अधिक लोगों को बैठाया गया था। समय 12:11 बजे पटेल चौक के आलमनगर स्टैंड की तरफ ऑटो में लोगों को भर-भर कर बैठाया गया था। दूसरे वाहन पर यात्री को बैठाया जा रहा था। तस्वीर लेने के साथ चालक मुस्कुरा उठा। चालक कहने लगा कि भाई साहब कुछ मिलने वाला है। हमने भी सिर हां में हिलाकर वहां से निकल पड़ा। समय 12:31 बजे पटेल चौक के बिहारीगंज स्टैंड की तरफ ऑटो की लंबी लाइन लगी थी। कुछ ऑटो में यात्रियों को बैठाया जा रहा था। अगली लाइन में खड़ी ऑटो में पहले से अधिक लोग बैठे हुए थे। बावजूद कि दूर खड़े यात्रियों को भी बुलाकर बैठाया जा रहा था। यद्यपि कुछ यात्री चालक की मनमानी का विरोध करते नजर आए। समय 12:46 बजे मुख्यालय के चौसा चौक पर पुरैनी की तरफ जाने वाली आधा दर्जन ऑटो सड़क किनारे खड़ी नजर आई। एक ऑटो पर अपेक्षा से अधिक यात्री बैठे थे। वहीं एक व्यक्ति यात्री से किराया वसूलते नजर आया। जब कैमरे में तस्वीर कैद हुई तो रुपये वसूलने वाला शख्स रुक गया। उसने पूछ बैठा कि किस लिए फोटो ले रहे हैं। हमनें भी आराम से कह दिया कि बस ऐसे ही।

समय 1:15 बजे मुख्यालय के थाना चौक पर बिहारीगंज की तरफ जा रही ऑटो पर सीट से अधिक यात्री बैठे थे। ऑटो लगभग अपने गंतव्य स्थान के लिए निकल रही थी। इसी बीच फोटो ली गई, जहां एक यात्री बड़ी तेजी से अपने मुंह पर गमछी लपेटने लगा। शायद उसे लगा कि मास्क नहीं होने की वजह से तस्वीर ली जा रही है।