Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:एसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंची नाबालिग दुष्कर्म पीडि़ता,एसपी कार्यालय की सीढिय़ों पर ही बच्चे को दिया जन्म - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 24, 2020

BIHAR NEWS:एसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंची नाबालिग दुष्कर्म पीडि़ता,एसपी कार्यालय की सीढिय़ों पर ही बच्चे को दिया जन्म

किशनगंज। एसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंची नाबालिग दुष्कर्म पीडि़ता अचानक प्रसव पीड़ा से कराहने लगी। मंगलवार शाम को उसने एसपी कार्यालय की सीढिय़ों पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। इससे मची अफरातफरी के बाद मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

पहड़कट्टा थाना क्षेत्र निवासी पीडि़ता के स्वजनों ने बताया कि 10 माह पूर्व लड़की खेत से मवेशी लाने गई थी। यहां पूर्व से घात लगाए फर्राबाड़ी निवासी मुन्ना ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित ने पीडि़ता को शादी का झांसा दिया और लगातार उसके साथ संबंध बनाने लगा। पीडि़ता के गर्भवती होने के बाद आरोपित शादी की बात से मुकर गया। इसके बाद पीडि़ता ने स्वजनों को घटना की जानकारी दी। स्वजन जब बात करने आरोपित के घर गए तो वहां से उन्हें मुन्ना के घरवालों ने पीटकर भगा दिया। मामले को लेकर गांव में पांच बार पंचायत भी की गई, लेकिन पीडि़ता को इंसाफ नहीं मिल सका। इसके बाद मंगलवार को पीडि़ता स्वजनों के साथ न्याय की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुंची। एसपी के मीटिंग में व्यस्त होने की वजह से कर्मियों ने उसे मुख्यालय डीएसपी के पास जाने को कहा। इस बीच पीडि़ता अचानक प्रसवपीड़ा से कराहने लगी। कुछ देर बाद उसने सीढिय़ों पर ही लड़के को जन्म दे दिया। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी पीडि़ता की मदद के लिए पहुंच गईं। आनन-फानन पीडि़ता पीडि़ता के आसपास साड़ी का पर्दा किया गया। महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से पीडि़ता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दो महिला सिपाहियों को भी तैनात किया गया है। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।

महिला थानाध्यक्ष को पीडि़ता के फर्द बयान के आधार पर केस दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। - कुमार आशीष, एसपी