Bihar Crime : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव में शुक्रवार की देर रात हथियार बंद बदमाशों ने ससुर और बहू दोनों को गोली मार दी। जिसमें ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, घायल बहू को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर आराम से भाग निकले। वारदात रात्रि दो बजे के आसपास की है। मृतक 65 वर्षीय नथुनी चन्द्रवंशी एकवारी गांव के निवासी थे। गोली सिर में लगी है। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा शव को रोककर हंगामा किया जा रहा है। घटना के मूल में बुलेट बाइक को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही हैं। हमले का आरोप गांव के एक परिवार के सदस्यों पर लगाया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रही हैं। अंदर ही अंदर दो गुटों के बीच तनाव गहरा गया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर कैंप कर रही हैं। आक्रोशित ग्रामीण वरीय अफसरों को बुलाने की मांग कर रहे हैं।
पहले गौशाला में सोए ससुर को मारा आवाज सुनकर आई बहू पर दाग दी गोली
बताया जा रहा कि एकवारी गांव निवासी नथुनी चन्द्रवंशी रोज की तरह शुक्रवार की रात खाना खाकर अपने गौशाला के पास सोए थे। देर रात हथियार बंद हमलावर आ धमके तथा सोए हुए गृहस्वामी को सिर में गोली मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर जब उपेन्द्र चन्द्रवंशी की 30 वर्षीया पत्नी रेणु देवी दौड़ी आई तो बदमाशों ने उसपर भी फायरिंग कर दी। बांह में गोली लगने से वह घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए । गांव में सनसनी फैल गई। घायल रेणु देवी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। जहां, उसका इलाज चल रहा है।
बुलेट बाइक नहीं दिए जाने पर वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप
इ़धर, मृत नथुनी चन्द्रवंशी के पुत्र संतोष चन्द्रवंशी ने बताया कि वह एकवारी गांव के सेन्ट्रिंग ठेकेदार सुदर्शन सिंह के पास सेन्ट्रिंग मिस्री का काम करता है। सेन्ट्रिंग ठेकेदार ने लाॅकडाउन में गाड़ी की समस्या को देखते हुए चलाने के लिए अपनी बुलेट बाइक उसे दी थी। जिसे उनके भतीजा वापस मांग रहे थे। जबकि, उसका कहना था कि बाइक सेन्ट्रिंग ठेकेदार ने दिया है। इसी को लेकर विवाद चला आ रहा था।