सहरसा। बसनही थाना क्षेत्र के गोदराम गांव में बुधवार दोपहर करंट लगने से एक सात वर्षीय बालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर पंचायत के गोदराम वार्ड नंबर तीन निवासी गणेश मुखिया का सात वर्षीय पुत्र श्रीराम कुमार अपने घर में खेल रहा था। इसी दौरान घर में चल रहे टेबल पंखा के नग्न तार की चपेट में आ गया। जब तक घर वाले कुछ समझ पाते करंट लगने से उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। इधर घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा बसनही थाने पुलिस व सीओ को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर समिति सदस्य नितेश कुमार ने स्वजनों से मिलकर ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इस बाबत सीओ उपेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिली है। स्वजनों को आवश्यक कार्रवाई को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है। वही बसनही थानाध्यक्ष श्वेत कमल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेजे जाने के कवायद की जा रही है।