Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल/जिला कमांड व कंट्रोल केंद्र का डीएम ने किया उद्घाटन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 2, 2020

सुपौल/जिला कमांड व कंट्रोल केंद्र का डीएम ने किया उद्घाटन

सुपौल। सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में बनाए गए जिला कमांड व कंट्रोल केंद्र सह टेलीमेडिसीन परामर्श केन्द्र का उद्घाटन रविवार को जिलाधिकारी महेन्द्र कुमार ने किया। उद्घाटन पश्चात उन्होंने जिला कमांड व कंट्रोल केन्द्र सह टेलीमेडिसीन परामर्श केन्द्र में कार्यरत पदाधिकारी व कर्मी से आवश्यक पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक निर्देश भी दिए। कहा कि अगर कोई शिकायत आती है तो इसकी जानकारी संबंधित को दें और फिर शिकायत करने वाले से पूछें कि काम हुआ कि नहीं। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन में रहने वाले से हर रोज पूछें कि तबीयत कैसी है और दवा ले रहे हैं कि नहीं। इसके अलावा वहां काम करने वाले लोगों से कहा कि सैनिटाइजर व मास्क के साथ रहें और ग्लब्स लगा कर रहें। बाद में उन्होंने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष में टोल फ्री नंबर व नियंत्रण कक्ष नंबर को प्रसारित किया गया है। यहां तीन पाली में डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति रहेगी। हंटिग लाइन पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। जो भी होम आइसोलेशन में कोविड से संक्रमित व्यक्ति है उनसे बात की जाएगी। उनको कोई परेशानी हो तो उन्हें जो चिकित्सीय सलाह की आवश्यकता होगी वे यहां से दी जाएगी। बिहार प्रशासनिक पदाधिकारी को यहां का प्रभारी बनाया गया है। अगर कोई व्यक्ति कोविड से संबंधित जानकारी लेना चाहते हैं तो टोल फ्री नंबर पर फोन कर जान सकते हैं। कहा कि एक संजीवनी एप स्वास्थ्य विभाग के द्वारा बनाया गया है। कोविड में जो भ्रांतियां हैं उसे एप के माध्यम से दूर किया जा सकता है। अभी जिले में 16 केन्द्रों पर कोविड की जांच की जा रही है। एप के माध्यम से यह भी पता चल जाएगा कि कहां जांच हो रही है। यहां टेलीमेडीसीन की सुविधा भी दी जा रही है।