सहरसा। ओपी क्षेत्र के सरबेला गांव में बकरे चोरी के आरोप में मंगलवार को एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर बिजली के खंभे में बांध दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने पिटाई भी की। हालांकि पिटाई के बाद युवक ने चोरी की बात स्वीकार की और उसके निशानदेही पर बकरे को बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार सरबेला पंचायत के वार्ड नंबर 12 स्थित शर्मा टोला में राजेश शर्मा के बकरे की चोरी कर ली गई। मंगलवार की सुबह बकरे चोरी की छानबीन की गई तो गांव के ही नरेश शर्मा नामक युवक पर संदेह जताया गया। जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा उससे पूछताछ की गई परंतु वह इस बात को मानने को तैयार नहीं हो रहा था। बाद में उसे टोले में ही एक बिजली के पोल से बांध दिया गया और कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। जिसके बाद उसने चोरी की बात को स्वीकार किया और बकरे के संबंध में जानकारी दी। जिसपर बकरे की बरामदगी की गई और युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में पुलिस गश्ती नहीं होने की वजह से अक्सर चोरी की घटनाएं हो रही है। दूसरी ओर एक युवक को पोल में बांधकर पिटाई की गई और इसकी भनक तक पुलिस को नहीं लग सकी। ओपी अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।