धबौली पश्चिमी पंचायत स्थित कहरा वार्ड 5 में मंगलवार की सुबह विवाहिता प्रीति कुमारी(24) दहेज की बलि बेदी चढ़ गई। ससुरालवाले ने आग लगाकर विवाहिता को मार डाला।
पुर्णिया जिला के बड़हारा कोठी थाना के लक्ष्मीपुर की रहने वाली मृतिका की मां फूल देवी ने पतरघट ओपी में दिए आवेदन में कहा है कि मेरी बेटी की शादी कहरा के केशव चौधरी के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति व उसके परिवार वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। बेटी को उसके पति व उसके परिवार वालों ने जलाकर मार डाला है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आपसी विवाद के बाद महिला ने आग लगा ली। जिसके बाद उसे इलाज के लिए सहरसा ले जाया गया। डाक्टरों ने गंभीर स्थिति देख रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था। रास्ते में एक बच्चे की मां प्रीति कुमारी की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने उसे वापस सदर अस्पताल लाया। वहीं आग में झुलसा मृतिका का पति केशव चौधरी का इलाज सदर अस्पताल सहरसा में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कहरा स्थित जविप्र डीलर भुवनेश्वर चौधरी के घर ताला लगाकर सभी फरार थे। भुनेश्वर चौधरी को दो लड़का बड़ा संजय चौधरी व दूसरा केशव चौधरी दोनों व्यवसाय कर परिवार का भरण पोषण करता है। ग्रामीणों के अनुसार मृतिका का पति से कहा सुनी होते रहता था। आसपड़ोस के लोगों का इनके घर आना जाना नहीं होता था। ग्रामीण कुछ बोलने से परहेज कर रहे थे। इस संबंध में ओपी अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मृतिका की मां फूल देवी ने पति व ससुराल वाले पर जलाकर मारने का आरोप लगाया है। आरोपों के मद्देनजर कार्रवाई की जा रही है।