सहरसा जिले में वज्रपात की घटना में दो लोगों की मौत हो गई है वहीं छह लोग जख्मी हैं। कहरा प्रखंड के हरिपुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से किसान वेदप्रकाश सिंह की मौत हो गई। वहीं सोनवर्षा प्रखंड के झिटकिया गांव में वज्रपात की चपेट में आने से अशोक मुखिया की मौत हो गई है। वहीं तीन अन्य जख्मी हो गए। इसके अलावा बनमा ईटहरी के कुसमी गांव में एक महिला वज्रपात की चपेट में आने से जख्मी है। वहीं बलवाहाट में एक लड़की भी वज्रपात की चपेट में आने से जख्मी हुई है।
कहरा से ए. सं. के अनुसार प्रखंड की अमरपुर पंचायत के हरिपुर गांव में सोमवार की रात ठनका गिरने से से किसान की मौत हो गयी। परिजनों ने बताया कि हरिपुर गांव के किसान वेदप्रकाश सिंह(48) सोमवार की शाम खेत से गांव आ रहे थे। बारिश हो रही थी। तभी ट्रांसफार्मर के समीप एकाएक हुए वज्रपात में वह गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। इधर पंचायत समिति सदस्य सह कहरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह सहित परिजनों ने इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल लाया। जहां कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गयी। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाते हुए उनके शव को परिजनों के हवाले किया गया। पंसस ने मृतक के परिजनों को आपदा मद से सहायता राशि देने के बाबत कहरा सीओ से बातचीत की। इधरउनके निधन से पत्नी बुलबुल देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजन कोसी चौक निवासी अनिल सिंह ने भी मुआवजा देने की मांग की है।
सोनवर्षा राज से सं.सू. के अनुसार बसनही थाना क्षेत्र के सरौनी पंचायत के झिटकिया गांव के बहियार में मंगलवार की दोपहर अशोक मुखिया,नागों मुखिया पप्पू मुखिया सहित कुल 10 किसान धान रोप कर रहे थे। इसी क्रम में अचानक आई तेज बारिश के बीच कड़ाके की बिजली चमकने लगी । जबतक लोग कुछ समझ पाते तबतक ठनका गिरा। जिसके चपेट में आने से किसान झिटकिया गांव निवासी अशोक मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पप्पू मुखिया, नागो मुखिया, विपिन मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए ले गए।
ठनका की चपेट में आने से एक महिला जख्मी: सिमरी बख्तियारपुर। बनमा ईटहरी प्रखंड के कुशमी गांव स्थित बहियार में धान रौपनी के दौरान मंगलवार की दोपहर ठनका की चपेट में आने से वार्ड नंबर 6 निवासी मो सहमूद की पत्नी अनुशा खातुन गंभीर रूप से जख्मी हो गई। प्रमुख प्रतिनिधि मो सफाउल हक उर्फ ईमो ने बताया जख्मी को अस्पताल ले जाया गया।