Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:NEET छात्रा का शव किराए के कमरे में मिला, डायरी में लिखा- ‘किसी पर भरोसा मत करना’ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 21, 2026

BIHAR:NEET छात्रा का शव किराए के कमरे में मिला, डायरी में लिखा- ‘किसी पर भरोसा मत करना’

गोपालगंज में NEET छात्रा का शव किराए के कमरे में मिला, डायरी में लिखा- ‘किसी पर भरोसा मत करना’

गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के श्याम सिनेमा रोड इलाके में किराए के कमरे में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा उजाला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। छात्रा पिछले करीब एक साल से यहां रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

रविवार रात आसपास रहने वाली छात्राओं ने उजाला के कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर झांकने पर वह पंखे से फंदे पर लटकी मिली। इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को जानकारी दी गई।

पुलिस के पहुंचने के बाद कमरे को सुरक्षित रखा गया। इसी दौरान छात्रा के भाई ने शव को फंदे से उतारकर बेड पर रख दिया।

दोपहर में मां से हुई थी आखिरी बातचीत

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले उजाला की दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच अपनी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उसने किससे बात की और कमरे में आखिरी बार कौन आया था, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।

कमरे में मिला खून, चोट के निशान नहीं

जांच के दौरान कमरे में खून के निशान मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्रा के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। खून किस वजह से आया, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट को महत्वपूर्ण बताया है।

डायरी में लिखा- ‘किसी पर भरोसा मत करना’

पुलिस को छात्रा के कमरे से एक डायरी भी मिली है। इसमें कथित तौर पर ऐसी बातें लिखी मिली हैं, जिनसे उसके मानसिक रूप से परेशान होने का संकेत मिलता है। डायरी में ‘किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए’ जैसी बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस डायरी को जांच का अहम हिस्सा मानकर उसके लिखे हुए विवरण और छात्रा की हाल की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

अफेयर समेत हर एंगल से जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस अफेयर, व्यक्तिगत परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई है। चूंकि छात्रा कमरे से ही ऑनलाइन NEET की तैयारी करती थी, इसलिए उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और साथ पढ़ने वाले छात्रों से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट का इंतजार

सदर एसडीपीओ कृपालचंद्र जायसवाल के अनुसार, श्याम सिनेमा रोड स्थित किराए के मकान से NEET की तैयारी कर रही छात्रा का शव बरामद किया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।