सहरसा। एक कॉलेज में अतिथि प्राध्यापक के पद पर तैनात सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के खजुराहा निवासी गौतम भगत के द्वारा शराब और कोडिनयुक्त कफ सिरप का व्यापक पैमाने पर धंधा करने का मामला सदर थाना पुलिस ने उजागर किया है।
प्राध्यापक के संतनगर स्थित आवास से 126 लीटर अंग्रेजी शराब, 672 पीस कोडिनयुक्त कफ सिरप, एक गोली के अलावा कई सामग्री बरामद की गई है। जबकि देसी शराब के निर्माण का भी पर्दाफाश हुआ है। झारखंड के रेपर लगी भारी मात्रा में खाली पाउच व करीब 10 लीटर अल्कोहल भी बरामद किया गया।
गुरुवार को सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सूचना मिली कि गौतम भगत द्वारा व्यापक पैमाने पर शराब व कफ सिरप का कारोबार किया जा रहा है। जिस आलोक में पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह, अनि मो. मजबुद्दीन, अवनीश कुंवर आदि शामिल थे। टीम द्वारा संतगनर में रामचंद्र मिस्त्री के आवास पर छापेमारी की गई। इस दौरान रामचंद्र मिस्त्री को पकड़ा गया। जबकि एक भागने में कामयाब रहा। तलाशी के दौरान 180 एमएल का सात सौ पीस अंग्रेजी शराब, पांच खाली बोतल, देशी शराब निर्माण का रैपर, 10 लीटर अल्कोहल, गैस सिलेंडर, एक बाइक बरामद किया गया। इसके अलावा कई चेकबुक, पासबुक, क्रेडिट कार्ड भी बरामद किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि गौतम भगत की पत्नी श्वेता कुमारी जो नवहट्टा पूर्वी पंचायत में पंचायत रोजगार सेवक के रूप में कार्यरत है उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जबकि इस मामले में नरियार के मन्नू सिंह व अन्य का नाम भी सामने आया है। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
-----
जब्त होगी संपति
-----
एसडीपीओ ने बताया कि यह जानकारी मिली कि शराब की तस्करी कर गौतम भगत व अन्य लोगों ने अवैध तरीके से काफी संपति अर्जित की है। सभी संपत्ति को पीएमएल एक्ट के तहत जब्त किया जाएगा।
---
इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल को भी खंगाला जा रहा है। इस अधार पर अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रभाकर तिवारी, सदर एसडीपीओ, सहरसा।
