बदमाश को खदेड़ने के दौरान कमांडो हेड विपिन कुमार सहित एक जवान जख्मी हो गये। घटना गुरुवार की दोहपर को हुई। हालांकि मौके का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। बताया गया कि कमांडो हेड विपिन कुमार और कमांडो मो. मोईम गुरुवार की दोहपर स्टेट बैंक मेन ब्रांच की सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे। इसी बीच एक युवक संदेहास्पद स्थिति में नजर आया। कमांडो को युवक की कमर में हथियार होने की आशंका हुई।
कमांडो के जवान युवक की ओर बढ़ने लगे। कमांडो को देखते ही युवक बाइक पर सवार होकर पूर्वी बाइपास सड़क की ओर भागने लगा। कमांडो विपिन अपने साथी के साथ बाइक से उसको पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाश और कमांडो पंचवटी चौक के पास आमने-सामने हुआ। कमांडो ने बदमाश को दबोचने की की कोशिश की। इसी बीच बाइक सड़क किनारे गढ्ढे में गिर गयी। दुर्घटना में कमांडो विपिन और उनका साथी सड़क पर दूर जाकर गिर गये। मौके का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों कमांडों को सदर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में कमांडो के हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी है। बताया जा रहा है कि दो बदमाश कोढ़ा गैंग झपटमार गिरोह का सदस्य था। इन दिनो शहर में कोढ़ा गैंग काफी सक्रिय है। बीते दिनों सेवानिवृत्त सैनिक शैलेन्द्र कुमार यादव और धीरेन्द्र लाल दास से गिरोह के सदस्य 74 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे।
