सहरसा। बनमा इटहरी ओपी क्षेत्र के कासिमपुर गांव के एक शिक्षक को अज्ञात साइबर अपराधियों ने निशाना बनाकर उसके खाते से 69 हजार की राशि एटीएम से उड़ाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित शिक्षक काशिमपुर गांव निवासी दिलीप चौधरी ने ओपी में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। शिक्षक अभी मध्य विद्यालय बरपोखरीया में कार्यरत हैं।
दिए आवेदन में शिक्षक ने कहा है कि मेरा खाता ओपी क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक घौरदौड़ शाखा में है। जिसका खाता संख्या 32773614118 है। जिसमें अपने घर बनाने को लेकर रुपए बचाकर रखे थे। साइबर अपराधियों ने निशाना बनाकर दो दिनों में 69 हजार की फर्जी निकासी कर ली। जिसकी जानकारी तब मिली जब मैं अपने एटीएम कार्ड से राशि निकासी करने गया। फिर जब बैंक शाखा से संपर्क किया तो पूरी जानकारी प्राप्त होने के बाद ओपी में लिखित आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। बताया है कि मेरे खाते से फर्जी एटीएम के सहारे 17 जून को दस-दस हजार कर चार बार में 40 हजार एवं 18 जून को दस-दस कर दो एवं एक बार 9 हजार, क्रमश: 29 हजार की निकासी की गई है। इस बाबत ओपी अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी आवेदन अप्राप्त है आने पर जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
