कोरोना का पॉजिटिव केस मिलने से सील की गई पंचायत
पंचायत में इंट्री व एग्जिट की अनुमति सिर्फ स्वास्थ्यर्किमयों को होगी संवाद सूत्र, त्रिवेणीगंज (सुपौल): प्रखंड क्षेत्र के दो पंचायतों को अनुमंडल प्रशासन द्वारा कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार को एक-एक कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। बुधवार से पुलिस ने ड्रोन कैमरे से तमाम क्षेत्रों की निगरानी करनी शुरू कर दी है।
कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद स्थानीय अनुमंडल प्रशासन ने प्रखंड क्षेत्र की दो पंचायत लतौना उत्तर और डपरखा को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया है। सोमवार को अनूपलाल यादव महाविद्यालय त्रिवेणीगंज के क्वारंटाइन सेंटर के एक 26 वर्षीय युवक में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद लतौना उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 10, 13 और 14 को पूर्णत: सील कर दी है। अनुमंडल प्रशासन द्वारा जारी किए गए नियमों के मुताबिक इस जोन में 90 घर आते है। जिसकी कुल जनसंख्या 550 है। इस पंचायत के उत्तर में मेला ग्राउंड त्रिवेणीगंज, दक्षिण में अनूपनगर, पूरब में चिलौनी नदी और पश्चिम में बंशी चौक त्रिवेणीगंज तक की सीमा को प्रशासन द्वारा पूर्णत: सील कर दी गई है। पंचायत में इंट्री और एग्जिट की अनुमति सिर्फ स्वास्थ्यर्किमयों को होगी। पंचायत में इंट्री और एग्जिट के लिए काली मंदिर और वंशी चौक पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। अनुमंडलीय प्रशासन त्रिवेणीगंज द्वारा मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की तैनाती शिफ्ट वाइज की गई है। प्रखंड के डपरखा पंचायत के वार्ड नंबर 14 में एक 17 वर्षीय युवक में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि मंगलवार को मिलते ही डपरखा पंचायत के वार्ड नम्बर 13,14 एवं 15 वार्ड को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर पूर्णत: सील कर दिया गया है। इस जोन के उत्तर में हेमंतगंज, दक्षिण में महादलित टोला, पूरब में पिलवाहा पंचायत और पश्चिम में वार्ड नम्बर 13 आते हैं, जिसे सील कर दिया गया है। इस जोन में घरों की संख्या 540 और जनसंख्या 2900 है। इस पंचायत के जोन में भी स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा किसी की भी इंट्री नहीं होगी। इस पंचायत में इंट्री और एग्जिट प्वाइंट हेमंतगंज और बरहकुरवा में बनाया गया है। जहां मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। प्रखंड क्षेत्र में दो पॉजिटिव केस मिलते ही स्थानीय पुलिस ने बाजार क्षेत्र सहित कंटेनमेंट एरिया में कड़ी निगरानी रखनी शुरू कर दी है।
