मधेपुरा। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रखंड में अबतक तीन कंटेनमेंट जोन निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में आशा कर्मी व आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के सहयोग से विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉक्टरों के द्वारा घर-घर सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। कोरोना वायरस से संक्रमण के लक्षण वाले संदिग्ध लोगों की पहचान कर सैंपल भेजने की तैयारी भी आरंभ कर दी गई है। फिलहाल संक्रमित तीन छात्रों के परिवार के कुल 35 लोगों का मंगलवार को सैंपल लिया गया है। इस बावत डीएम नवदीप शुक्ला के निर्देश पर इन क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। क्षेत्र प्रतिबंधित होने के कारण आम लोगों तक आवश्यक वस्तुओं की सुविधा पहुंचायी जा रही है। वहीं कंटेनमेंट जोन में पड़ने वाले कुल 517 घरों के सर्वे के लिए तीन सुपरवायजर के नेतृत्व में कुल 11 दल काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कार्य में कुल नौ सुपरवायजर और 18 दल काम कर रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वरूण कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित कंटेनमेंट जोन पुरैनी, रहटा और बिशनपुर सुन्दर पंचायत में घर-घर सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है।