मधेपुरा। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत प्रखंड क्षेत्र में इस योजना का हाल बेहाल है। जो संबधित अधिकारियों व अभियंता की उदासीनता को दर्शा रहा है। प्रखंड के तुलसिया पंचायत वार्ड एक में मेन सड़क से लेकर खेदन महाराज के स्थान तक जाने वाली सड़क तक पक्की नाला निर्माण कराया गया है। इस नाले का ढक्कन छह माह बीतने के बाद ही टूटने लगी है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना से निíमत नाला का प्राक्कलन राशि नौ लाख 76 हजार 178 रुपये है। नाला का कई प्लेट टूट जाने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। जो किसी बड़े हादसे को आमंत्रित कर रहा है। वहीं कुछ स्थल पर दस इंच के जगह पांच इंच का दीवार दिया गया है। मामले में राजद के प्रखंड अध्यक्ष तोताराम कामती ने कहा कि सात निश्चय योजना में लूट मची हुई है। गुणवत्ताविहीन कार्य सुशासन की सरकार के दावे की पोल खोल रहा हैं। वही तुलसिया मुखिया अरविद अमर ने कहा कि वार्ड सदस्य को नाला का प्लेट सुधार कराने को कहा गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी दीना मुर्मू बताया कि नाला का प्लेट टूटने की सूचना मिली है। सुधार करने को निर्देश वार्ड सदस्य को दिया गया है। जल्द सुधार नहीं करने पर विभागीय नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई की प्रक्रिया की जाएगी।
मानक को नजरअंदाज कर नाला का हो रहा निर्माण
मधेपुरा। सात निश्चय योजना के पंचायतों में चल रहे विकास कार्य में धांधली थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीण के विरोध के बावजूद सरकारी मानक को नजर अंदाज कर संवेदक के द्वारा कार्य किया जा रहा है। प्रखंड के मौरा झरकाहा पंचायत के वार्ड 18 के ग्रामीण सुरेन्द्र यादव अरविद यादव, धीरेन्द्र यादव, विधानंद यादव, मिथिलेश यादव, घनश्याम यादव, विकास कुमार, सुधीर कुमार, विभा देवी, जलेश्वर मेहता, सुचेन मेहता, श्यामसुंदर मेहता, रोहित कुमार, मनोज यादव, बिट्टू यादव, चंद्रेश्वरी यादव, यौगेन्द्र यादव, उमेश यादव आदि ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर बताया कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत वार्ड नंबर 18 में हरिहर मेहता के घर से भोला मेहता के घर तक नाली का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें घटिया किस्म के ईंट, लोकल बालू एवं घटिया सीमेंट का प्रयोग किया गया है। इसको लेकर बीडीओ के पास शिकायत किया गया था। इस पर बीपीआरओ शैलेचन्द्र मिश्रा, एवं विभागीय जेई रूपेश कुमार ने कार्य स्थल का जांच कर प्राक्कलन के अनुसार कार्य करने का आदेश दिया था। लेकिन जांच अधिकारी ने निर्देश का अनदेखी कर पुन: घटिया किस्म के मेट्रेरियल से कार्य प्रारंभ कर दिया। जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो वार्ड सदस्य ने शंकरपुर में ग्रामीणों ने विरुद्ध रंगदारी का आवेदन दे दिया।इसको लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ एवं जिला प्रशासन से अपने स्तर से जांचकर कारवाई करने का मांग किया हैं। इस बाबत बीडीओ आशा कुमारी ने बताया कि अभी आवेदन नहीं मिला है, मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
