सहरसा। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को मत्स्यगंधा जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को कार्य में तेजी लाकर समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि मानसून आ जाने के बाद कार्य को पूरा करने में परेशानी होगी, इसलिए अधिक से अधिक पोकलेन मशीन लगाकर युद्ध् स्तर पर उत्खनन का कार्य पूरा किया जाएगा।
जल, जीवन व हरियाली अभियान के तहत मनरेगा योजना से सात करोड़ 48 लाख की लागत से मत्स्यगंधा जलाशय के जीर्णोद्धार का कार्य औरंगाबाद की मां मातेश्वरी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है। इस कार्य को एकरारनामा के अनुसार 15 जून तक पूरा किया जाना है। कार्यपालक अभियंता विष्णुदेव रजक ने बताया कि इसके तल की गहराई दो मीटर बढ़ाई जाएगी जिससे इसमें छह लाख घनमीटर पानी अधिक जमा रहेगा। इस जलाशय में सालोंभर पानी रहेगा।
मत्स्यगंधा जलाशय के निरीक्षण पश्चात जिलाधिकारी ने एनएच 107 के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने एनएच के अभियंता और संवेदक को कार्य में तेजी लाकर ससमय पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागों के अभियंता और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।