सहरसा। बसनही थाना क्षेत्र के बैठ मुसहरी पंचायत के तारारही संथाली टोला स्थित बहियार में मंगलवार की रात मधेुपरा जिला के ग्वालपाड़ा निवासी एक युवक की बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक की आंख को फोड़ डाला तथा एक कान भी काट लिया। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना अंतर्गत ललिया गांव के वार्ड नंबर चार निवासी प्रदीप मंडल के पुत्र पंकज मंडल के रूप में की गई है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही बसनही थानाध्यक्ष श्वेत कमल सदल बल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी अनिता देवी ने बसनही थाना में दिये बयान में कहा है कि उनके पति पंकज मंडल मंगलवार की सुबह खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात तक घर वापस नहीं लौटे तो स्वजनों व ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन की गई। बुधवार की सुबह तारारही संथाली टोला से कुछ दूरी पर मक्के की खेत में पंकज मंडल का शव ग्रामीणों द्वारा देखा गया। हत्यारों ने पंकज मंडल के बायें कान का काट डाला था तथा दायीं आंख भी फोड़ दी।
बताते चलें कि इससे पूर्व 15 फरवरी 2020 को ललिया गांव के ही हरदेव मंडल एवं उनके पुत्र रमेश मंडल की हत्या गोली मारकर बसनही थाना क्षेत्र के सोने सत्तर गांव में ही कर दी गई थी। बसनही थानाध्यक्ष श्वेतकमल ने बताया कि मृतक के पत्नी द्वारा दिए फर्द पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।