थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड चार में रविवार की रात लोगों ने पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गयी। मृतक का शव शत्रुघ्न साह के घर के बाहर मिला। पुलिस ने सोमवार की सुबह मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। मृतक राजेन्द्र गोस्वामी (33) का भवानीपुर वार्ड छह में ससुराल है। मृतक राजेंद्र गोस्वामी ससुराल में ही रहता था। मृतक राजेन्द्र गोस्वामी मूल रूप से उदाकिशुनगंज के पिपरा करौती का रहने वाला था। मृतक की पत्नी ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया है।
घटना को लेकर शत्रुघ्न गोस्वामी का कहना है कि रविवार की रात करीब दो बजे दीवार फांद कर तीन लोग उसके घर में चोरी करने घुसे थे। घर से बक्सा व अन्य कीमती सामान लेकर जा रहे थे। विरोध करने पर धारदार हथियार दिखाकर वे लोग धमकाने लगे। शोर मचाने पर दो लोग भाग गए। इस बीच मौके पर पहुंचे लोगों ने राजेंद्र को पकड़ लिया। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक राजेंद्र की पत्नी गुड़िया देवी ने थाना में दिए आवेदन में कहा है कि राजेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण- पोशण करता था।
एक सप्ताह पूर्व उसका पति ने गड्ढे से मछली मारकर लाया था। इसी दौरान गांव के राजकुमार यादव ने एक सौा रुपये देकर दो किलो मछली देने को कहा था। मछली देने से इंकार करने पर वह धमकी देते हुए वहां से निकल गया। रविवार की शाम को वह फिर मछली मारने गए थे। रात करीब नौ बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के राजकुमार यादव, शत्रुघ्न साह, दीपक साह, प्रदीप साह, संदीप साह, दिलीप साह, श्रीराम साह ने मिलकर उसके पति को चोरी का आरोप लगाकर पकड़ लिया। उसके पति को शत्रुघ्न साह के दरवाजे पर ले गए। रस्सी से हाथ बांधकर लाठी और रॉड से उनलोगों ने पिटाई की। शोर होने पर परिवार के लोग शत्रुघ्न साह के दरवाजे पर गए। वहां देखा कि उसके पति को वे लोग मारपीट कर रहे हैं। पुलिस ने भवानीपुर स्थित शत्रुधन साह के घर से दीलिप साह, प्रदीप साह, संदीप साह, शत्रुधन साह को गिरफ्तार किया।थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पत्नी का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। हत्याकांड में संलिप्त लोगों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।