Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/मैं ससुराल नहीं जाऊंगी; मोबाइल टावर पर चढ़ गई महिला, हाईवोल्टेज ड्रामा देख जुटी भीड़ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 6, 2025

BIHAR/मैं ससुराल नहीं जाऊंगी; मोबाइल टावर पर चढ़ गई महिला, हाईवोल्टेज ड्रामा देख जुटी भीड़

बिहार के पूर्वी चंपारण में एक महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा देख भीड़ जमा हो गई। स्थानीय हरसिद्धि बाजार में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ससुराल नहीं जाने की बात कहने लगी। महिला की पहचान स्थानीय भरत प्रसाद की शादीशुदा 29 वर्षीया पुत्री ममता के रूप में की गई। शनिवार को ममता अचानक घर के बगल में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से जोर-जोर से चिल्ला कर कहने लगी कि मैं ससुराल नहीं जाऊंगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।



सूचना पाकर थाना अध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और उस लड़की को टावर से उतरने के लिए समझाने लगे। उसके परिजन तथा स्थानीय लोग भी उसे समझने में जुटे रहे। लेकिन वह बार बार ससुराल नहीं जाने और जिद करने पर कूद कर जान दे देने की धमकी दे रही थी। इसे देखकर मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग काफी परेशान हो गए।

इस मामले में हरसिद्धि थाना अध्यक्ष ने बताया कि बहुत देर बाद समझाने बुझाने के बाद महिला को नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजनों ने बताया कि मानसिक रूप से वह अस्वस्थ है। मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण ही उसने आज ऐसा नाटक कर दिया जो लोगों के लिए एक तमाशा का विषय बन गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि लड़की को उसके परिजन को सौंप दिया गया है। उसकी एक साल पूर्व शादी हुई थी। वह अभी मायके में रह रही थी। टावर से उतरने के बाद उसे डॉक्टर से दिखाया गया।