Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:पेड़ से लटकता मिला क्वारेंटाइन सेंटर में रहने वाले मजदूर का शव, आज ही मिलने वाली थी छुट्टी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 28, 2020

बिहार:पेड़ से लटकता मिला क्वारेंटाइन सेंटर में रहने वाले मजदूर का शव, आज ही मिलने वाली थी छुट्टी



मोतिहरी. बिहार के पूर्वी चम्पारण स्थित एक क्वारेन्टाइन सेन्टर (Quarantine Center) में निवास कर रहे प्रवासी श्रमिक (Migrant Labor) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. श्रमिक पप्पू राम का शव गुरुवार की सुबह शव पेड़ से लटकता मिला. सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा किया. घटना चकिया थाना के शीतलपुर पंचायत के हाताहरपुर गांव की है. प्रवासी श्रमिक करीब 14 दिन पूर्व महाराष्ट्र के कोल्हापुर से लौटा था.

महाराष्ट्र से लौटा था मजदूर

14 दिनों से कोरेन्टाइन की अवधि पूरा करने के बाद उसको गुरुवार को ही सेन्टर से छुट्टी मिलनी थी कि आज शव मिला है. परिजनों का कहना है कि सात दिन पहले उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाताहरपुर में बने क्वारेन्टाइन सेन्टर में भोजन को लेकर दो पक्षों में मारपीट भी घटना हुई थी. ग्रामीणों का कहना है कि सेन्टर पर रोजाना शराब की पार्टी भी होती रहती थी. ग्रामीणों की सूचना पर चकिया थाना पुलिस औऱ कल्याणपुर के बीडीओं मौके पर पहुंचे हैं लेकिन परिजन वरीय अधिकारियों के आने की मांग पर डटे हैं और पेड़ से लटके शव को उतारने से रोके हुए हैं.

हत्या का आरोप

मृतक श्रमिक कल्याणपुर प्रखंड के शीतलपुर पंचायत के सिरसा पट्टी गांव का निवासी बताया जाता है. मृतक के भतीजा रमेश कुमार राम ने बताया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर से वो दो लोगों के साथ लौटा था. उसने बताया कि जब क्वारेन्टाइन सेन्टर में शौचालय है तो वो कैसे रात में बाहर निकल सकते थे. ऐसे में उसने मिलीभगत से हत्या का आरोप लगया है.

पड़ताल में जुटी पुलिस

गांव के मुखिया राजीव रंजन ने बताया कि महाराष्ट्र से लौटे श्रमिक का शव पेड़ से लटकते मिला है. मुखिया बताते हैं कि बीती रात नौ बजे क्वारेन्टाइन सेन्टर की सारी व्यवस्था को देखकर लौटे थे. तब वहां सब कुछ ठीक था लेकिन आज सुबह पप्पू राम का शव पेड़ से लटकता मिला. यह सब कैसे हुआ यह जांच का विषय है. ग्रामीणों के हंगामा के बीच मौके पर पहुंची चकिया थाना पुलिस और कल्याणपुर के बीडीओ मुकदर्शक बने हुए हैं और इस मामले में जांच की बात कह कर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.