सुपौल सदर थाना क्षेत्र के खुखनहा वार्ड 14 में बेटे को पैसा न देना एक पिता को महंगा पड़ गया। बेटे ने अपने ही पिता की जमकर पिटाई कर दी और पैर तोड़ दिए। पड़ोसियों ने बीचबचाव कर मामले को शांत करा दिया।
पिता की शिकायत पर पहुंची पुलिस आरोपित युवक को गिरफ्तार कर थाना ले गई। मौके से पुलिस ने एक देशी कट्टा और चाकू भी बरामद किया है।घटना रविवार देर रात करीब 11 बजे की है। पीड़ित पिता ने मारपीट की शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई है।
बताया जा रहा है कि वार्ड 14 के मो. वकील का पुत्र मो. अब्दुल नशे का आदी है। रविवार की शाम से ही वह पिता से पैसा मांगा। लेकिन पिता ने इसका कारण पूछा तो वह आग बबूला हो गया और घर में जमकर उत्पात मचाने लगा।
यही नहीं मो. वकील ने समझाने का प्रयास किया तो उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। इससे उनके दाएं पैर की हड्डी टूट गई। इससे भी अब्दुल का मन नहीं भरा तो पिस्तौल तान दी। हालांकि पड़ोसियों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ लेकिन पिता ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो युवक भागने लगा लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा और चाकू भी मिला। पुलिस अब्दुल को गिरफ्तार कर थाने ले आई।
