मधेपुरा। हरियाणा से लौटे रंजीत कुमार दुखी हैं। चार साल से वे दिल्ली में रहकर एक फैक्ट्री में काम करते थे। जो पैसा मिलता था उससे अपना व परिवार का गुजारा होता था। जिदगी ठीक चल रही थी। अचानक आए कोरोना नामक संकट से सब कुछ बदल गया। नौकरी छूट गई। किसी प्रकार ट्रक व बस से घर पहुंचे। लेकिन अब यहां क्या करेंगे। गुजारा कैसे होगा। रोजगार कौन देगा।
यह दर्द सिर्फ रंजीत का नहीं बल्कि बाहर से आए सभी लोगों का है। दिन बीतने के साथ संकट भी गहराता जा रहा है। आखिर बच्चे कैसे पढ़ेंगे। बिटिया की शादी कैसे होगी। यद्यपि जिला प्रशासन का कहना है कि काम के इच्छुक लोगों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। मनरेगा, सड़क निर्माण सहित अन्य योजनाओं में कार्य दिया जाएगा। लोगों का जॉब कार्ड निर्माण किया जा रहा है। साथ ही प्रवासियों का डाटा भी तैयार किया जा रहा है। मालूम हो कि बाहर से अब तक 23,387 लोग आ चुके हैं। इसमें से मनरेगा योजना के तहत 4341 प्रवासी श्रमिकों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराया गया है। जिले में अभी मनरेगा के तहत 12 हजार 757 योजनाए संचालित हो रही है। इसमें 31 हजार 210 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
======
प्रवासी श्रमिकों का तैयार हो रहा ऑनलाइन डाटा बेस
महानगरों से लौट रहे श्रमिकों का जिला प्रशासन की ओर से ऑन लाइन डाटा बेस तैयार किया जा रहा है। इस डाटाबेस में श्रमिकों से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध होगी। इस डाटा बेस में उनके कार्य से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध होगी। जिला प्रशासन ने यह पहल लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
======
बाहर से वापस आए श्रमिकों को मिल रहा रोजगार
राज्य के बाहर से लौट रहे श्रमिकों को मनरेगा योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक पांच हजार से अधिक लोगों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराया गया है। कार्य के इच्छुक सभी प्रवासी श्रमिकों को रोजगार मिले इसके लिए जिला प्रशासन ने मनरेगा योजना के तहत उनके पंचायत में ही रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
========
काम के इच्छुक व्यक्तियों को मनरेगा सहित अन्य सरकारी योजनाओं में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा जॉब कार्ड बनाने का भी कार्य किया जा रहा है।
विनोद कुमार सिंह
उपविकास आयुक्त, मधेपुरा
=======
बाहर से आए श्रमिकों का पंजीयन कर सारा डाटा अपलोड किया जा रहा है। डाटा ऑनलाइन अपलोड हो रहा है। इसमें श्रमिकों के कार्य से संबधित भी पूरी जानकारी रहेगी।
शिव कुमार शैव
एडीएम, मधेपुरा
