हेडलाइन:
सहरसा में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, रेलवे इंजीनियर स्नेह रंजन की मौत
सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे इंजीनियर की मौत हो गई। घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र की है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 34 वर्षीय स्नेह रंजन की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक स्नेह रंजन मूल रूप से बिहार शरीफ के रहने वाले थे और सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर सेक्शन में रेलवे में आईओडब्ल्यू (IOW) के पद पर तैनात थे। वे पिछले छह वर्षों से अपनी पत्नी मिनी और दो छोटे बच्चों के साथ सहरसा रेलवे के सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। परिवार में वे पांच भाइयों में सबसे छोटे थे।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वे जल्दबाजी में अपनी कार लेकर घर से निकल गए। परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी। घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद, रात लगभग 10 बजे परिजनों को उनके एक्सीडेंट की सूचना मिली।
हादसे की खबर मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पिता की अचानक मौत से दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।