सहरसा। महीनों से लॉकडाउन के चलते कोटा में फंसे छात्र-छात्राओं को लेकर शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन सहरसा पहुंची। इस ट्रेन में कोसी प्रमंडल के तीनों जिलों के कुल 1251 छात्र- छात्राएं सवार थी जिसमें सहरसा जिले के 451 और सुपौल व मधेपुरा जिले के 400- 400 विद्यार्थी शामिल थे। जिला प्रशासन ने सहरसा स्टेशन पर सभी छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिग कराई। इसके बाद उन्हें बस से स्टेडियम ले जाया गया। जहां पर उनका रजिस्ट्रेशन सहित अन्य विस्तृत जानकारी लेकर उन्हें उनके माता- पिता को सशर्त सौंप दिया गया ताकि वे उन बच्चों को होम क्वारंटाइन में 21 दिनों तक रख सके।
इधर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सहरसा जिले के 451 छात्र व छात्राएं स्पेशल ट्रेन से आई है।
सबों को खाने का मिला फूड पैकेट
कोटा शहर से आए सभी छात्र - छात्राओं को फूड पैकेट और पीने के लिए बोतल बंद पानी दिया गया। स्टेशन पर ही छात्र-छात्राओं के लिए उन्हें स्टेशन पर सैनिटाइज करने की पूरी व्यवस्था थी। इसके लिए आठ काउंटरों पर स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई थी जो हर आनेवाले छात्र व छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिग करते रहे।
