ग्रेटर नोएडा में महिला दरोगा का बाथरूम में मिला शव, पिता के फोन नहीं उठाने पर हुआ खुलासा; हार्ट अटैक की आशंका
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दुखद घटना सामने आई है। जारचा थाना क्षेत्र में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव मंगलवार को उनके कमरे के बाथरूम में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिता के फोन नहीं उठाने पर हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रश्मि गौतम के पिता ने उनसे बात करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उनके पिता ने रश्मि के साथ रहने वाली एक अन्य महिला सब इंस्पेक्टर से संपर्क कर उनसे बात कराने को कहा।
जब साथी महिला दरोगा रश्मि के कमरे पर पहुंचीं तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में रश्मि गौतम मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
2023 बैच की थीं रश्मि गौतम
बताया गया कि रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं। वर्ष 2024 से उनकी तैनाती जारचा थाने में थी। वह मूल रूप से कानपुर नगर की रहने वाली थीं। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला सब इंस्पेक्टर की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद उनके परिवार और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।