Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल।1188 प्रवासियों को लेकर सुपौल पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेन, किए गए क्वारंटाइन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 13, 2020

सुपौल।1188 प्रवासियों को लेकर सुपौल पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेन, किए गए क्वारंटाइन


जिले में कुल 8490 प्रवासियों का किया गया पंजीकरण, विभिन्न प्रखंडों में किए गए आवासित

-कोरोना पॉजिटिव वाले 3 किलोमीटर के क्षेत्र को घोषित किया गया कंटेनमेंट जॉन।

, सुपौल : पटियाला से प्रवासियों को लेकर चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन मंगलवार की रात सुपौल पहुंची। इस स्पेशल ट्रेन में 1188 प्रवासी सवार थे। सभी प्रवासी जिले के विभिन्न प्रखंडों के थे। स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही सभी कोच से 10-10 के जत्थे में प्रवासियों को उतारा गया। शारीरिक दूरी के लिए प्लेटफार्म पर एक-एक मीटर की दूरी पर गोल घेरा बनाया हुआ था। हर कोच के सामने एक मेडिकल टीम थी।

हरेक पैसेंजर की थर्मल स्क्रीनिग के बाद उसका संपूर्ण ब्यौरा लिया गया। इसमें प्रवासी का नाम, उसकी उम्र, पता, मोबाइल नंबर, कोच संख्या और सीट संख्या रेलवे के द्वारा उपलब्ध कराया गया था। मेडिकल टीम ने प्रवासी के गांव, पंचायत, प्रखंड व जिले के अलावा कोरोना के लक्षण से संबंधित आंकड़े भरे। इसके बाद सभी प्रवासियों को नाश्ता और पानी का पैकेट दिया गया। फिर भारी सुरक्षा के बीच प्रवासियों को पहले से निर्धारित बसों से बैठा कर उनके संबंधित प्रखंडों के लिए रवाना कर दिया गया।

जिले में 8490 प्रवासियों का हुआ पंजीकरण

जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत डपरखा वार्ड नंबर 16 में एक 17 वर्षीय युवक का कोविड-19 का मामला संपुष्ट पाए जाने के कारण एवं इसके अन्यत्र प्रादुर्भाव को रोकने हेतु जिला समाहर्ता सह जिला दंडाधिकारी महेंद्र कुमार द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में उक्त स्थान को ईपीआई सेंटर घोषित करते हुए इसके 3 किलोमीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। संपुष्ट मामले के निवास स्थान से 3 किलोमीटर की दूरी में उक्त कंटेनमेंट एरिया को एक्टिव सर्विलांस किया जाना है। सुविधा की दृष्टि से कंटेनमेंट जोन को प्रत्येक 50 घर की दर से सेक्टर में बांटा जाएगा तथा पल्स पोलियो की तर्ज पर प्रत्येक घर का सर्वेक्षण एवं घर के सदस्यों की स्क्रीनिग की जाएगी। उक्त जानकारी जिला प्रशासन के हवाले से मिली है। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है कि जिले में अब तक कुल 8490 व्यक्तियों का पंजीकरण किया गया है, जो जिले में अन्य राज्यों व अन्य जिले से आए हैं। इन पंजीकृत व्यक्तियों को विभिन्न प्रखंडों के विद्यालय क्वारंटाइन कैंप, आपदा राहत केंद्र एवं आपदा सीमा राहत केंद्र में आवासित किया गया है। सुपौल में 562, किशनपुर में 421, सरायगढ़ भपटियाही में 558, पिपरा में 526 ,त्रिवेणीगंज में 496, छातापुर में 1293, राघोपुर में 425, प्रतापगंज में 380, बसंतपुर में 2897 मरौना में 557 तथा निर्मली में 375 लोगों को आवासित रखा गया है। जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है कि कोविड-19 वायरस के बढ़ते संक्रमण की स्थिति से निपटने हेतु राज्य सरकार के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आच्छादित सभी राशन कार्ड धारियों के अलावा वैसे परिवार जो राशन कार्ड के लिए अहर्ता रखते हैं पर उनके पास अभी राशन कार्ड नहीं है, को चिन्हित करते हुए सूची तैयार की जा रही है। जिले में अब तक कुल 62868 परिवारों की सूची तैयार की जा चुकी है तथा कुल 59475 लाभुकों का सत्यापन किया जा चुका है। जिले में 97 प्रवासी श्रमिकों को क्वारंटाइन सेंटर के रूप में चिन्हित कुल 18 विद्यालयों में रखा गया है। इसके अतिरिक्त जिले के सभी 11 प्रखंडों में बनाए गए कुल 104 कैंप में कुल 7892अन्य राज्यों व जिलों से आए प्रवासियों को क्वारंटाइन में रखा गया है। जिले में अब तक कुल 646 कोरोना संदिग्ध व्यक्तियों की सैंपलिग की गई है। जिसमें 575 सैंपल के रिपोर्ट निगेटिव तथा 3 सैंपल के रिपोर्ट पॉजिटिव आए हैं। शेष 73 सैंपल का रिपोर्ट आना अभी बाकी है। अद्यतन सुपौल जिले में कुल तीन व्यक्तियों में कोरोना से संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमण को रोकने के लिए विशेष गठित आरआरटी टीम त्वरित कार्रवाई के अंतर्गत संक्रमित व्यक्तियों की कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिग कर रही है।