Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:Coronavirus Bhagalpur Update : स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध, सर्वे से रोका, सेविका से किया अभद्र व्यवहार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 28, 2020

बिहार:Coronavirus Bhagalpur Update : स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध, सर्वे से रोका, सेविका से किया अभद्र व्यवहार

भागलपुर। Coronavirus Bhagalpur News Update : देश भर में स्वास्थकर्मियों का विरोध करने या उनके कार्य में बाधा डालने के लिए कठोर कानून बनाए जाने के बाद भी लोगों का रवैया नहीं बदल रहा है। मोजाहिदपुर में स्थानीय लोगों ने सर्वे के लिए गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को बैरंग लौटा दिया। लोगों ने उनसे आइकार्ड देखने की मांग की। इतना ही नहीं, टीम में शामिल एक सेविका के साथ अभद्र व्यवहार करने की भी सूचना है।

हंगामे की आशंका से टीम के सदस्य किसी तरह वहां से निकल गए। अब इन लोगों ने दोबारा उस मोहल्ले में जाने से इन्कार कर दिया है। पहले भी शहर के कई मोहल्लें में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने इसे गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन से सर्वे टीम को सुरक्षा देने की मांग की है।

सर्वे टीम मोजाहिदपुर में यह जानकारी लेने गई थी कि किसी को सर्दी-खांसी या बुखार तो नहीं है। वहां के लोग उल्टे टीम के सदस्यों से ही सवाल करने लगे। सर्वे टीम के सदस्यों की वीडियो बनाने लगे। सर्वे टीम ने वीडियो बनानी चाही तो उन लोगों ने मोबाइल बंद करने को कहा। साथ ही सेविका से मुंह से मास्क भी उतारने के लिए कहने लगे। इसके बाद किसी तरह टीम वहां से निकल भागी। रास्ते में एंबुलेंस मिली तो उसी से सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे। सुपरवाइजर से शिकायत करने पर इसकी लिखित जानकारी देने के लिए कहा गया। टीम के सदस्य मंगलवार को लिखित शिकायत करेंगे।

कई मोहल्लों से टीम को लौटाया : पिछले एक सप्ताह में कई मोहल्लों से सर्वे टीम को वापस किया जा चुका है। इनमें बरहपूरा, इस्लामनगर, मोजाहिदपुर, नाथनगर, चंपानगर, मोहन मिश्र लेन के कई मोहल्ले शामिल हैं।

नवगछिया के 33 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

कोरोना को लेकर राहत की खबर है। नवगछिया के 33 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे पहले रविवार को मायागंज अस्पताल के डॉक्टर सहित 158 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वहीं, सोमवार को मायागंज अस्पताल के डॉक्टर, नर्स सहित 50 लोगों के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल को जांच के लिए पटना भेजा गया है। इनमें कोरोना पॉजिटिव पीजी छात्र की पत्नी और एक वर्ष का पुत्र भी शामिल हैं।

सैनिटाइजर टनल बंद

मायागंज अस्पताल में लगाया गया सैनिटाइजर टनल दो दिन भी नहीं चला। सोमवार को टनल बंद हो गया। नगर निगम की ओर से टनल लगाया गया था।

डायलिसिस सेंटर खुला

मायागंज अस्पताल में डायलिसिस सेंटर खोल दिया गया है। हालांकि अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक निदेशक को पत्र देकर कहा है कि अस्पताल में सात डायलिसस उपकरण है। इसके अलावा और भी उपकरण की खरीद की गई है। अस्पताल में डायलिसिस मशीन की आवश्यक नहीं है। अस्पताल में बी ब्राउन डायलिसिस पीपी मोड पर चल रहा है। उसे सदर अस्पताल शिफ्ट किया जा सकता है

कल से खुल जाएंगे सभी कॉलेज और विभाग, नहीं होगा पठन-पाठन

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सभी पीजी विभाग और कॉलेज मंगलवार से खुल जाएंगे। हालांकि पठन-पाठन अभी शुरू नहीं होगा। केवल शिक्षक और कर्मचारी ही कॉलेज और विभाग आएंगे। इस संबंध में कुलसचिव कर्नल अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी है। शिक्षा विभाग के पत्र के आधार पर अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत ग्रुप सी और डी के एक तिहाई कर्मचारी हर दिन कार्यालय आएंगे, जबकि अधिकारी हर दिन कार्यालय आएंगे। ड्यूटी के दौरान मास्क के साथ शारीरिक दूरी का पालन करेंगे।

कहलगांव के क्वारंटाइन सेंटर से आठ संदिग्धों का लिया गया सैंपल

कहलगांव नगर के शारदा पाठशाला में बने अनुमंडल स्तरीय क्वारंटाइन सेंटर से आठ कोरोना संदिग्ध मरीजों का सैंपल लेकर जांच के लिए पटना भेजा गया है। यहां पीरपैंती हाजीपुर दियारा के एक, भुदानीटोला बाखरपुर के चार, घोघा के दो एवं मथुरापुर के एक संदिग्ध कोरोना मरीज को लाकर रखा गया है। जांच रिपोर्ट आने तक सभी को यहीं रखा जाएगा। ये लोग दूसरे राज्य में काम करते थे। वहां से पैदल ही घर आए थे। गांववालों ने घर जाने से रोक दिया था। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. लखन मुर्मू ने बताया कि एक चिकित्सक, एक लैब तकनीशियन, दो एएनएम, दो लिपिक को प्रतिनियुक्त किया गया है। सोमवार को सीएस विजय कुमार ङ्क्षसह भी सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने कई आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि डोर टू डोर जांच अभियान चल रहा है, जो भी संदिग्ध मिलेगा उसे यहां लाकर रखा जाएगा। वहीं नगर के मध्य में क्वारंटाइन सेंटर बनाने से नगर वासियों में दहशत है। लोगों ने सेंटर को अस्पताल या प्रखंड कार्यालय परिसर या अनुसूचित छात्रावास में ले जाने की मांग की है।