कटिहार। हत्या, लूट, डकैती सहित कई आपराधिक मामलों का वांछित 25 हजार रुपये का इनामी चार्जशीटेड अपराधी संजीत राम उर्फ सोखा बाबा को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी हत्या एवं लूट के मामले में मंडलकारा में बंद था। जेल से इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 27 जुलाई, 2019 को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था।
एसपी ने बताया कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में शिवमंदिर चौक के समीप डब्लू साह के टाइल्स दुकान में सोखा ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। गोलीबारी में दुकानदार सहित भाजपा नेता वीरेंद्र यादव जख्मी हो गए था। इस मामले में पुलिस ने डब्लू सिंह ने नामक अपराधी को गिरफ्तार किया था। सोखा फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया था। राज्य सरकार ने सोखा पर 25 हजार के इनाम की घोषणा की थी। एसपी ने बताया कि सोमवार की रात कुख्यात सोखा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निर्मल यादवेंदु ने डीआइओयू टीम एवं कमांडो दस्ता के साथ छापामारी कर सोखा को गिरफ्तार कर लिया। छापामारी टीम में नगर थानाध्यक्ष रंजन कुमार सिंह, अवर निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश सिंह शामिल थे। छापेमारी टीम को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की जा रही है। एसपी ने बताया कि सोखा पर नगर थाना, सहायक थाना एवं मुफस्सिल थाना में हत्या, लूट, डकैती, चोरी एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित एक दर्जन मामले दर्ज हैं।